मुंबई ब्यूरो | बॉम्बे लीक्स
मुंबई : शीर्ष अदालत के आदेश के बाद यूनिटेक के पूर्व प्रमोटर संजय चंद्रा और अजय चंद्रा को आज तिहाड़ जेल से मुंबई की ऑर्थर रोड जेल और तलोजा केंद्रीय जेल में शिफ्ट कर दिया गया है।
चंद्रा बंधुओं को अलग अलग जेल में शिफ्ट किये जाने की पुष्टि कारागार महानिदेशक द्वारा की गई है। संजय चंद्रा और अजय चंद्रा दोनों को पुलिस की पहरेदारी में शनिवार सुबह ट्रेन से मुंबई ले जाया गया। मुंबई पहुंचते ही उन्हें रविवार तड़के मुंबई और तलोजा की जेलों में भेज दिया गया।
सुप्रीम कोर्ट की न्यायमूर्ति डी वाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति एम आर शाह की पीठ ने कहा था कि संजय और अजय के आचरण तथा जेल अधिकारियों की मिलीभगत के बारे में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा पेश दो रिपोर्ट में आदेशों के उल्लंघन तथा न्यायालय के क्षेत्राधिकार को कमतर करने संबंधी ‘‘गंभीर एवं व्यथित करने वाले’’ मुद्दे उठाए गए हैं।जिसके बाद पीठ ने आदेश में परिस्थितियों के मद्देनजर दोनों आरोपियों-अजय चंद्रा और संजय चंद्रा को तिहाड़ जेल से ऑर्थर रोड जेल, मुंबई और तलोजा केंद्रीय जेल, मुंबई स्थानांतरित करने का निर्देश जारी किया था।
यही नही उच्च न्यायालय ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को आदेश जारी करते हुए कहा है कि चंद्रा बंधुओं से मिलीभगत के मामले में तिहाड़ जेल के अधिकारियों के आचरण की व्यक्तिगत रूप से तत्काल जांच भी शुरू की जाए।उच्च न्यायालय ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को यह आदेश भी जारी किया है कि अगले चार सप्ताह के अंदर अदालत में जांच रिपोर्ट भी पेश की जाए।
Post View : 42806