मुंबई के गोरेगांव पश्चिम स्थित प्रेमनगर इलाके में होटल के बिल को लेकर हुए मामूली विवाद में एक 29 वर्षीय युवक की दर्दनाक हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान अजीज मोहम्मद अतीक खान के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर और सीमेंट-रेत सप्लायर थे. गोरेगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के इस मामले में 24 घंटे के भीतर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान अजय मुन्नी उपाध्याय (39) और विकास देवराज पासवान (23) के रूप में हुई है.
मामूली 60 रुपये के विवाद में गई युवक की जान
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार देर रात करीब 11:45 बजे वासरी हिल रोड पर स्थित सलमान होटल के बाहर हुई. आरोपी अजय उपाध्याय और विकास पासवान ने होटल में खाना खाया था, जिसका कुल बिल ₹250 बना था. लेकिन दोनों आरोपी होटल संचालक को सिर्फ ₹200 देने पर अड़े थे और बाकी के ₹60 चुकाने से इनकार कर रहे थे. इसी बात को लेकर आरोपियों और होटल मालिक दानिश खान के बीच तीखी बहस हो रही थी.
बीच-बचाव करना पड़ा भारी, लकड़ी के फट्टे से किया जानलेवा हमला
उसी दौरान अजीज खान अपने साथी राजेश पटेल के साथ खाना खाने वहां पहुंचे थे. विवाद बढ़ता देख अजीज ने बीच-बचाव करते हुए आरोपियों को पूरा बिल चुकाने की सलाह दी. इस बात से आक्रोशित होकर दोनों आरोपियों ने अजीज पर हमला बोल दिया और फल रखने वाली लकड़ी की पेटी से फट्टा निकालकर उनके सिर पर दे मारा. गंभीर चोट लगने के कारण अजीज सड़क पर गिर पड़े. उन्हें तुरंत जोगेश्वरी के ट्रॉमा केयर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने गठित कीं 6 टीमें, CCTV फुटेज से हत्थे चढ़े आरोपी
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे. मृतक के भाई मोहम्मद हबीब खान की शिकायत पर गोरेगांव पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया. आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने 6 विशेष टीमों का गठन किया. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को धर दबोचा. अदालत ने दोनों आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है.
Post View : 86445






























