मुंबई में साइबर अपराधियों और ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले गिरोहों के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए धारावी इलाके से एक 36 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पैसे का लालच देकर लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाता था और उनके एटीएम व सिम कार्ड साइबर ठगों को सप्लाई करता था।
Mumbai Crime Branch Arrest – क्राइम ब्रांच यूनिट 8 की छापेमारी, 56 एटीएम और 32 सिम कार्ड बरामद
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट 8 को गुप्त सूचना मिली थी कि धारावी की नेहरू सोसाइटी ओल्ड बिल्डिंग में रहने वाला वसीम जावेद खान नामक शख्स नए सेविंग और करंट बैंक खातों की जानकारी और उनसे जुड़े सिम कार्ड एकत्र कर रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने 14 नवंबर की रात उसके घर पर छापा मारा, जहां से 56 एटीएम कार्ड, 32 सिम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक और कई पहचान पत्र बरामद किए गए।
Mumbai Crime Branch Arrest – गोवा के सागर के साथ मिलकर चला रहा था रैकेट, खाताधारकों को देता था 15 हजार
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह गोवा के रहने वाले ‘सागर’ नाम के व्यक्ति के संपर्क में था, जो प्रत्येक बैंक खाता उपलब्ध कराने के एवज में उसे 25,000 से 30,000 रुपये देता था। इसके लिए वसीम अपने परिचितों और दोस्तों के जरिए लोगों को बैंक खाता खुलवाने के लिए राजी करता था और हर खाताधारक को 15,000 रुपये देकर उसके एटीएम और लिंक्ड सिम कार्ड अपने कब्जे में ले लेता था।
Mumbai Crime Branch Arrest – गेमिंग ट्रांजैक्शन और ऑनलाइन धोखाधड़ी में इस्तेमाल होते थे ये खाते
पुलिस जांच में सामने आया है कि इन फर्जी या म्यूल खातों और सिम कार्ड्स का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर ऑनलाइन गेमिंग ट्रांजैक्शन, साइबर धोखाधड़ी और वित्तीय घपलों के लिए किया जा रहा था। धारावी पुलिस स्टेशन में बीएनएस (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है, और मुख्य सरगना सागर की तलाश के साथ-साथ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।
(49689)