मुंबई में अंडरवर्ल्ड और डी-कंपनी के नाम पर डरा-धमकाकर संपत्ति हड़पने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी के मुंबई जोनल कार्यालय ने मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत मुख्य आरोपी असलम अब्दुल रहमान पटनी उर्फ असलम बालक और उसके सहयोगियों की लगभग 4 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क (attach) कर लिया है।
ED Asset Attachment -दादर पुलिस की एफआईआर और फर्जी दस्तावेजों से हड़पी गई संपत्ति
ईडी ने यह जांच दादर पुलिस स्टेशन में दर्ज एक एफआईआर के आधार पर शुरू की थी, जिसकी तफ्तीश बाद में मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने की। जांच में सामने आया कि शब्बीर और यूसुफ करोलिया ने फर्जी कन्वेयंस डीड तैयार कर खुद को मूल मालिक बताया, जिसके बाद 2019 में असलम पटनी ने दाऊद इब्राहिम और छोटा शकील के बहनोई सलीम फ्रूट के नाम की धमकी देकर मूल मालिकों से लांबट बिल्डिंग की 50 फीसदी हिस्सेदारी जबरन छीन ली।
ED Asset Attachment -सलीम फ्रूट की पत्नी के नाम ट्रांसफर कर दिया गया था हिस्सा
जांच एजेंसी के अनुसार, मूल मालिकों को उनकी संपत्ति के बदले एक भी रुपया नहीं दिया गया और उन्हें बेदखल कर दिया गया। इसके बाद अवैध रूप से हड़पी गई इस संपत्ति को वैध लेन-देन का रूप देने की साजिश के तहत सलीम इकबाल कुरैशी उर्फ सलीम फ्रूट की पत्नी शाजिया सलीम कुरैशी के नाम पर ट्रांसफर कर दिया गया था।
ED Asset Attachment -बैंक खातों में जमा नकदी और इमारत कुर्क, आगे की जांच जारी
मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत कार्रवाई करते हुए ईडी ने शाजिया सलीम कुरैशी के नाम दर्ज लांबट बिल्डिंग के हिस्से और असलम पटनी समेत अन्य आरोपियों के बैंक खातों में जमा धनराशि को कुर्क किया है। इन कुर्क की गई संपत्तियों का कुल मूल्य करीब 4 करोड़ रुपये आंका गया है, और एजेंसी द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है।
(59647)