
मुंबई: एक तरफ देशभर में लोग दिवाली का त्योहार मना रहे थे, वहीं दूसरी तरफ अरब सागर में डीजल के कथित अवैध कारोबार का नेटवर्क सक्रिय होने के आरोप सामने आए हैं। मुंबई के भाऊचा धक्का, वडाला और कुलाबा के ससून डॉक से जुड़े समुद्री इलाकों में विदेशी वेसल्स से डीजल लाकर शहर में सप्लाई किए जाने का दावा किया जा रहा है। इस कथित कारोबार में छोटी बोटों का इस्तेमाल किए जाने और रात के अंधेरे में हाई-सी में डीजल ट्रांसफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।
इस पूरे नेटवर्क में राजू पंडित और अनवर मदार उर्फ अनवर लंगड़ा के नाम कथित सरगना के तौर पर सामने आए हैं। जानकारी के मुताबिक, इनके साथ करीब 8 से 10 अन्य लोग भी इस कारोबार में शामिल बताए जा रहे हैं। अय्यूब नूर अली खान ,सलमान और आकाश चव्हाण,हेमंत नखवा समेत कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। हालांकि, इन सभी की भूमिका की स्वतंत्र पुष्टि और आधिकारिक जांच होना बाकी है।
बताया जाता है कि राजू पंडित पर मुंबई, रायगढ़ और रत्नागिरी समेत विभिन्न इलाकों में ऑयल तस्करी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत भी कार्रवाई होने की जानकारी है। फिलहाल ठाणे में उसकी हाजिरी जारी होने का दावा किया जा रहा है। इसके बावजूद उसके कथित नेटवर्क के समुद्र में सक्रिय होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
इस मामले का एक महत्वपूर्ण पहलू कुलाबा स्थित ससून डॉक से जुड़ा है। आरोप है कि यहां छोटी बोटों और फिशिंग ट्रैवलर को पार्क किया जाता है और इनके जरिए विदेशी वेसल्स तक पहुंच बनाई जाती है। कथित तौर पर विदेशी करेंसी अमेरिकन डालर, शराब और ड्रग्स की सप्लाई के बदले विदेशी जहाजों से डीजल हासिल किया जाता है। इसके बाद छोटी बोटों के जरिए डीजल मुंबई के समुद्री तट तक लाकर शहर में सप्लाई किए जाने का आरोप है। इस कथित लेन-देन और ड्रग्स की सप्लाई के आरोपों की अलग से जांच जरूरी है।इस नेटवर्क में अनवर मदार उर्फ अनवर लंगड़ा का नाम भी चर्चा में है। अब अनवर की कथित भूमिका सामने आने के बाद पुराने ऑयल तस्करी नेटवर्क और मौजूदा गतिविधियों के बीच संभावित संबंधों की जांच की मांग उठ रही है।
सबसे गंभीर सवाल समुद्री निगरानी व्यवस्था को लेकर हैं। जानकारी के मुताबिक, समुद्र में MT Section की कई बोट 24 घंटे तैनात रहती हैं। इसके बावजूद विदेशी वेसल्स से छोटी बोटों में डीजल ट्रांसफर किए जाने का कारोबार लंबे समय से चलने का आरोप है। सवाल उठ रहा है कि चौबीसों घंटे निगरानी के बावजूद इन गतिविधियों पर रोक क्यों नहीं लग पा रही है और क्या तस्करी करने वाले लोग निगरानी व्यवस्था को चकमा दे रहे हैं?
इसके अलावा वडाला और येलो गेट पुलिस थानों के कुछ अधिकारियों की कथित मिलीभगत के आरोप भी सामने आए हैं। दावा किया जा रहा है कि स्थानीय स्तर पर इन गतिविधियों की जानकारी होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। हालांकि, किसी पुलिस अधिकारी की भूमिका या मिलीभगत की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इस संबंध में संबंधित पुलिस अधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों का पक्ष सामने आना भी जरूरी है।
यदि विदेशी वेसल्स से डीजल की अवैध खरीद-बिक्री, विदेशी करेंसी और अन्य प्रतिबंधित सामान के कथित लेन-देन के आरोप सही साबित होते हैं, तो यह मामला केवल तेल तस्करी तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें समुद्री सुरक्षा, सीमा शुल्क, मादक पदार्थों की तस्करी और सरकारी राजस्व को संभावित नुकसान जैसे गंभीर पहलू भी जुड़ सकते हैं।
अब सवाल यह है कि मकोका की कार्रवाई झेल चुके कथित नेटवर्क के लोग समुद्र में कैसे सक्रिय हैं? MT Section की चौबीस घंटे की निगरानी के बावजूद यह कारोबार कैसे चल रहा है? क्या विदेशी वेसल्स, छोटी बोटों [fishing Trawlers]और शहर में डीजल सप्लाई करने वालों के बीच कोई संगठित नेटवर्क काम कर रहा है? इन सभी पहलुओं पर मुंबई पुलिस, कस्टम्स, DRI और समुद्री सुरक्षा एजेंसियों की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
(65529)