
फरार ऑयल माफिया श्याम अवधेश कुमार उर्फ बबलू
मुंबई: वडाला पुलिस ने पेट्रोलियम उत्पादों की चोरी और अवैध भंडारण के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए करीब 70 लाख रुपये का माल जब्त किया है। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, वडाला पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 259/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 287, 125, 3(5), जीवनावश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3, 7 और 8, मोटर स्पिरिट एंड हाई स्पीड डीजल ऑर्डर 2005 तथा पेट्रोलियम प्रोडक्ट ऑर्डर 1999 के तहत मामला दर्ज किया गया है।यह कार्रवाई 17 जून 2026 को सुबह करीब 8 बजे एचपी पेट्रोल पंप के पीछे स्थित पार्किंग गली, बीपीटी शिवड़ी-चेंबूर रोड, शिवड़ी पूर्व में की गई। पुलिस उपनिरीक्षक अमोल गणपत झंजाड की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजीव दयाराम सरोज (38), राहुल देवी प्रसाद मिश्रा (27), धनंजय मुखुराम जैस्वर (36), मेहबूब युसुफ पटेल (44) और आशुतोष रायजहाब सिंह (28) के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 19 जून 2026 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, मामले में शाम अवधेश कुमार सिंह उर्फ बब्बू, जो टैंकर का मालिक और चालक बताया जा रहा है, अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने मौके से करीब 55,940 लीटर पेट्रोलियम उत्पाद जब्त किए हैं, जिनकी कीमत लगभग 28.12 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा दो टैंकर (MH 04 KF 7968 और MH 04 MR 7114) तथा टाटा कंपनी का एक छोटा हाथी वाहन (MH 04 KF 9719) भी जब्त किया गया है। जब्त वाहनों की कीमत करीब 42 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल जब्त माल की अनुमानित कीमत 70 लाख 12 हजार 400 रुपये है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर सफेद रंग के एटीएफ (एविएशन टरबाइन फ्यूल) जैसे पेट्रोलियम पदार्थ को प्लास्टिक के कैनों और लोहे के बैरल में अवैध रूप से जमा कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने आर्थिक लाभ के लिए इस ज्वलनशील पदार्थ को चोरी कर अवैध तरीके से रखे हुए थे, जिससे आसपास के लोगों के जीवन और संपत्ति को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था।मामले की आगे की जांच पुलिस निरीक्षक विनोद कालेकर कर रहे हैं।
Post View : 154375





























