
मुंबई: मुंबई के शिवडी इलाके में शिवडी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बार्ज और एक टैंकर को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों वाहनों में बड़ी मात्रा में डीजल मौजूद पाया गया है। बरामद डीजल की मात्रा हजारों लीटर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, MV Gnan Vagna नाम के बार्ज और एक अन्य टैंकर को शिवडी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय चौरे के नेतृत्व में दोपहर करीब 1 बजे हिरासत में लिया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बार्ज और टैंकर दोनों में डीजल रखा हुआ था। इतनी बड़ी मात्रा में डीजल मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में डीजल कहां से लाया गया था, इसे कहां ले जाया जा रहा था और इसके लिए आवश्यक दस्तावेज और अनुमति मौजूद थी या नहीं।
इसके अलावा पुलिस बार्ज और टैंकर के मालिकाना हक, डीजल की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज और परिवहन से संबंधित कागजात की भी जांच कर रही है।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं डीजल की यह खेप अवैध तरीके से जमा या परिवहन तो नहीं की जा रही थी। मामले में डीजल की वास्तविक मात्रा, उसके स्रोत और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच जारी है।
फिलहाल दोनों बार्ज और टैंकर पुलिस की हिरासत में हैं और मामले की विस्तृत जांच शिवडी पुलिस स्टेशन पुलिस द्वारा की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि डीजल रखने और परिवहन के संबंध में किन नियमों का उल्लंघन हुआ है और इस मामले में आगे क्या कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Post View : 84639






























