बॉम्बे लीक्स,महाराष्ट्र
मुंबई : शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) नेता संजय राउत के खिलाफ नासिक में शिकायत दर्ज की गई है।संजय राउत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर कई गंभीर आरोप लगाए थे।जिसके बाद सीएम पर लगाये गये आरोपों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई।शिकायत के आधार पर पंचवटी पुलिस ने संजय राउत के खिलाफ IPC की धारा 500 के तहत एनसी दर्ज कर लिया है।
गौरतलब है कि संजय राउत ने ट्वीट कर दावा किया था कि 2000 करोड़ रुपए का आंकड़ा प्रारंभिक है और यह 100 फीसदी सच है। संजय राउत ने बताया कि सत्तारूढ़ दल के करीबी एक बिल्डर ने उन्हें यह जानकारी दी है। राउत ने उनके दावे के समर्थन में जल्द ही खुलासा करने की बात भी कही थी। बता दें कि हाल ही में चुनाव आयोग ने अपने फैसले में एकनाथ शिंदे गुट को असली शिवसेना मानते हुए शिवसेना का चुनाव चिन्ह धनुष बाण शिंदे गुट को देने का फैसला दिया था। इसके बाद से उद्धव गुट और शिंदे गुट के बीच बयानबाजी शुरू हो गई है।
वहीं संजय राउत के आरोपों के बाद सीएम शिंदे गुट के विधायक सदा सर्वांकर ने राउत के दावे का खंडन किया और सवाल किया, “क्या संजय राउत खजांची हैं।महाराष्ट्र के मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता सुधीर मुंगतिवार ने यह कहते हुए राउत पर पलटवार किया कि सुप्रीम कोर्ट और निर्वाचन अयोग जैसे स्वतंत्र संस्थाओं को बदनाम करने की कोशिश के तहत ऐसे बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं।
दरअसल एकनाथ शिंदे गुट और उद्धव ठाकरे गुट के बीच शिवसेना का नाम और उसके निशान (धनुष-तीर) को लेकर लड़ाई चल रही थी। ऐसे में हाल ही चुनाव आयोग ने अपने एक आदेश में कहा कि शिवसेना का नाम और निशान एकनाथ शिंदे गुट के पास रहेगा। इसके बाद से ही दोनो गुटों के बीच जुबानी जंग तेज है।वहीं इस जुबानी जंग के बीच उद्धव गुट के नेता संजय राउत ने चुनाव आयोग के फैसले पर सवाल खड़ा कर दिया। उन्होंने चुनाव आयोग के फैसले के पीछे 2 हजार करोड़ की डील होने का आरोप लगाया था।राउत ने 19 फरवरी को एक प्रेस कांफ्रेंस में आरोप लगाया कि यह फैसला सुनियोजित था।
Post View : 35924