महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस पार्टी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर कड़े प्रहार किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल विदेशी फंडिंग के सहारे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को अस्थिर करने और उग्र-वामपंथी शासन थोपने की साजिश रच रहे हैं।
Thane Rally – ठाणे में ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली में फडणवीस का बड़ा हमला
ठाणे में सत्तारूढ़ महायुति द्वारा आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि विपक्ष संविधान को ढाल बनाकर संवैधानिक संस्थाओं को व्यवस्थित रूप से कमजोर करने का काम कर रहा है। यह महायुति मार्च दिल्ली में विपक्ष द्वारा चुनाव आयोग के खिलाफ आयोजित रैली के जवाब में निकाला गया था।
Thane Rally – लाल किताब की आड़ में व्यवस्था बदलने का लगाया आरोप
फडणवीस ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं और कांग्रेस को मिलने वाली कथित फंडिंग पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि पार्टी लाल रंग के कवर वाली संविधान की प्रति की आड़ में नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका की तर्ज पर देश की व्यवस्था को बदलने की फिराक में है और लगातार आरबीआई, चुनाव आयोग तथा सुप्रीम कोर्ट जैसी संस्थाओं को निशाना बना रही है।
Thane Rally – मतदाता सूची संशोधन (SIR) और घुसपैठियों के मुद्दे पर घेरा
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का बचाव करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस इसलिए परेशान है क्योंकि सूची से मृत व्यक्तियों और बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम हटाए गए हैं। वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस नेताओं ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे सरकार की विफलताओं से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया है।
(57350)