Eknath Shinde Mumbai Development Vision – महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को ‘गड्ढा मुक्त’ (Pothole-Free) और ‘झुग्गी मुक्त’ (Slum-Free) शहर बनाने के लिए राज्य सरकार की प्राथमिकताओं और विस्तृत कार्ययोजना को साझा किया है। शुक्रवार को अपने आधिकारिक आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए एकनाथ शिंदे ने बताया कि विभिन्न सरकारी व प्रशासनिक एजेंसियों के संयुक्त समन्वय से बड़े पैमाने पर क्लस्टर-आधारित स्लम रिडेवलपमेंट और सड़कों के पूर्ण कंक्रीटीकरण का काम तेज गति से चल रहा है। इसके साथ ही शहर में नए अतिक्रमण और अवैध निर्माणों पर अंकुश लगाने के लिए आधुनिक तकनीक और ऐप-आधारित निगरानी प्रणाली को लागू किया जा रहा है।
Eknath Shinde Mumbai Development Vision – बीएमसी, एमएमआरडीए और म्हाडा मिलकर कर रहे क्लस्टर पुनर्विकास पर काम
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि मुंबई में झुग्गी-झोपड़ियों के बिखरे हुए और छोटे-मोटे पुनर्वास के बजाय समग्र क्लस्टर विकास मॉडल (Cluster Redevelopment Model) को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके तहत बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC), मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) और म्हाडा (MHADA) मिलकर कई प्रमुख परियोजनाओं को आगे बढ़ा रहे हैं। इस योजना का उद्देश्य केवल पक्के मकान देना नहीं, बल्कि निवासियों को बेहतर जीवन स्तर, चौड़ी सड़कें और आधुनिक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। शिंदे ने यह भी उल्लेख किया कि पुनर्विकसित परिसरों में निवासियों के सामाजिक और मनोरंजक उपयोग के लिए एक पूरा फ्लोर खाली और आरक्षित रखने की व्यवस्था की जा रही है।
Eknath Shinde Mumbai Development Vision – 1 साल में पूरा होगा सड़कों का कंक्रीटीकरण, ‘नेत्रम’ ऐप से रुकेगा अतिक्रमण
मुंबई की सड़कों और खड्डों की समस्या पर बोलते हुए शिंदे ने दावा किया कि शहर की प्रमुख सड़कों का कंक्रीटीकरण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अगले एक वर्ष के भीतर मुंबई की सभी सड़कों को कंक्रीट में तब्दील कर दिया जाएगा, जिससे बार-बार गड्ढे पड़ने की पुरानी समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी। वहीं, पुनर्विकास के बावजूद नए अतिक्रमण पनपने की चुनौती पर उन्होंने बीएमसी के ‘नेत्रम’ (NETRAM – Network for Encroachment Tracking and Reporting App) मोबाइल ऐप का जिक्र किया। इस तकनीक की मदद से अवैध निर्माण की तुरंत ट्रैकिंग, रिपोर्टिंग और सख्त तोड़फोड़ कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
Eknath Shinde Mumbai Development Vision – बांद्रा के नेविल डिसूजा फुटबॉल टर्फ पर नहीं होगा कोई निर्माण एकनाथ शिंदे
बांद्रा स्थित ऐतिहासिक ‘नेविल डिसूजा फुटबॉल ग्राउंड’ (Neville D’Souza Turf) के आरक्षण बदलाव को लेकर उठे राजनीतिक विवाद पर भी एकनाथ शिंदे ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि खेल के मैदान और खुले स्थानों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा उक्त ग्राउंड पर किसी भी प्रकार का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि नगर विकास मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल में तैयार डेवलपमेंट प्लान का मुख्य उद्देश्य ही शहर में ओपन स्पेस और हरित क्षेत्रों का दायरा बढ़ाना रहा है।
Post View : 45679






























