बॉम्बे लीक्स ,मुँबई
मुंबई पुलिस ने समाज सुधारक सावित्रीबाई फुले पर कथित आपत्तिजनक लेख को लेकर बुधवार को दो वेबसाइटों के खिलाफ मामला दर्ज किया। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि धारा 500 (मानहानि की सजा) सहित भारतीय दंड संहिता (IPC) की प्रासंगिक धाराओं के तहत इंडिक टेल्स और हिंदू पोस्ट के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
गौरतलब है कि सावित्रीबाई फुले पर कथित आपत्तिजनक लेख को लेकर बुधवार को अजीत पवार, जयंत पाटिल, सुनील तटकरे और छगन भुजबल सहित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुंबई पुलिस आयुक्त कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था।प्रदर्शनकारी नेताओं की मांग थी कि दो वेबसाइटों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अधिकारियों को लेख को सत्यापित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। सीएम शिंदे ने कहा था कि सावित्रीबाई फुले के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री लिखने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।राकांपा के वरिष्ठ नेता अजित पवार, जयंत पाटिल, सुनील तटकरे और छगन भुजबल एवं पार्टी के कई कार्यकर्ताओं ने मुंबई पुलिस आयुक्त के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए एक पत्र सौंपा था। मुंबई पुलिस आयुक्त को दिए गए पवार, पाटिल और भुजबल द्वारा हस्ताक्षरित पत्र में दावा किया गया कि ‘इंडिक टेल्स’ और ‘हिंदू पोस्ट’ वेबसाइट ने फुले के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की है जिन्हें महिला शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी माना जाता है।पत्र में आरोप लगाया गया है कि यह कृत्य लोगों को भड़काने के मकसद से किया गया है।पत्र में कहा गया था कि ‘‘छत्रपति शिवाजी महाराज और शाहू-फुले-आंबेडकर के महाराष्ट्र में सावित्रीबाई फुले को अपमानित करने का यह बेहद निंदनीय कृत्य किया गया है और हम लोग इसका कड़ा विरोध करते हैं।बाद में मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान जारी करके कहा कि कई सामाजिक तथा राजनीतिक संगठनों ने सावित्रीबाई फुले पर आपत्तिजनक लेख के खिलाफ प्रदर्शन किया है. बयान में कहा गया,‘‘ इसका संज्ञान लेते हुए,मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अधिकारियों को इंडिक टेल्स वेबसाइट के लेख की जांच करने और उसके आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
Post View : 68437