BMC Marathi Signboards Mandatory – बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने मुंबई में दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर मराठी (देवनागरी लिपि) में नामफलक लगाने के नियम को और कड़ाई से लागू करने का फैसला किया है। पहले चरण में सामान्य दुकानों की जांच के बाद अब दूसरे चरण में मुंबई के बड़े शॉपिंग मॉल्स, शॉपिंग सेंटर्स और प्रमुख ब्रांडेड आउटलेट्स में स्थित दुकानों व गाले (स्टोर्स) की सघन जांच की जाएगी। विधी समिति की बैठक में निर्देश दिए गए हैं कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त अदालती और दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
BMC Marathi Signboards Mandatory – पहले चरण में 36 हजार से अधिक दुकानों की जांच, वसूला गया लाखों का जुर्मान
बीएमसी के आंकड़ों के अनुसार, पहले चरण के दौरान शहर भर में 36,773 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई थी। इनमें से नियमों का उल्लंघन करने वाले 1,124 प्रतिष्ठानों के निरीक्षण रिपोर्ट तैयार किए गए, जबकि 638 मामलों में अदालत में केस दर्ज कराए गए। कई व्यापारियों द्वारा समझौता आवेदन देने के बाद 190 प्रतिष्ठानों से 12.23 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शेष मामलों में कानूनी प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जा रहा है।
BMC Marathi Signboards Mandatory – शॉपिंग मॉल्स और प्रमुख हाईवे किनारे की दुकानों की होगी दोबारा जांच
विधी समिति की समीक्षा बैठक में तय किया गया कि एस.वी. रोड, एल.बी.एस. रोड, लिंक रोड और ईस्टर्न-वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के दोनों किनारों पर स्थित बाजारों और शोरूमों की दोबारा जांच की जाएगी। इसके साथ ही प्रीमियम शॉपिंग मॉल्स के भीतर चलने वाली दुकानों में भी मराठी अक्षरों का प्रमुखता से उपयोग सुनिश्चित कराया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि अंग्रेजी या अन्य भाषाओं के साथ-साथ मराठी में देवनागरी लिपि के अक्षर बड़े और स्पष्ट रूप से प्रदर्शित होने चाहिए।
BMC Marathi Signboards Mandatory – नियमों की अनदेखी करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
पालिका प्रशासन ने प्रत्येक प्रशासनिक वार्ड में नियमों का लगातार उल्लंघन करने वाले प्रमुख प्रतिष्ठानों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और जनता के बीच इसकी जानकारी साझा करने के निर्देश दिए हैं। बीएमसी अधिकारियों ने व्यापारिक संगठनों और दुकानदारों से अपील की है कि वे किसी भी दंडात्मक कार्रवाई या लाइसेंस संबंधी कानूनी अड़चनों से बचने के लिए तय समयसीमा के भीतर अपने साइनबोर्ड पर मराठी नामफलक को प्रमुखता से स्थापित करें।
Post View : 67545






























