Maharashtra FDA Suspends Eateries Blinkit Licences – महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने सार्वजनिक स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा के मानकों से खिलवाड़ करने वालों पर बड़ा चाबुक चलाया है। एफडीए की विशेष जांच टीमों ने मुंबई के दो प्रमुख भोजनालयों और त्वरित डिलीवरी प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट (Blinkit) के अकोला स्थित वेयरहाउस सह वितरण केंद्र के खाद्य लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है। औचक निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में बड़े पैमाने पर कॉकरोच का प्रकोप, गंदे नालों के पास खाद्य सामग्री का भंडारण, दूषित पानी का इस्तेमाल और कर्मचारियों की गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही सामने आई है।
Maharashtra FDA Suspends Eateries Blinkit Licences – मलाड के स्वीट हाउस में बिना लेबल का पनीर व लस्सी जब्त, 26 कर्मचारियों के पास फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं
एफडीए की टीम ने पश्चिमी उपनगर मलाड स्थित ‘दिल्ली स्वीट एंड भेलपूरी हाउस’ में छापेमारी की, जहां केवल तैयार भोजन (कैटेगरी 16) का लाइसेंस होने के बावजूद पनीर, लस्सी, मिठाई और फरसाण की अनधिकृत री-पैकिंग और निर्माण किया जा रहा था। मौके से बिना लेबल और एक्सपायरी डेट के लस्सी व पनीर की खेप जब्त की गई। इसके अलावा, खाना पकाने के लिए बिना जांच रिपोर्ट वाले नल के अनफ़िल्टर्ड पानी का इस्तेमाल हो रहा था। प्रतिष्ठान के 36 में से 26 खाद्य कर्मियों के पास अनिवार्य मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं थे, जबकि कुछ कर्मचारी बिना पट्टी वाले जले हुए घावों और बढ़े हुए नाखूनों के साथ सीधे भोजन संभालते पाए गए।
Maharashtra FDA Suspends Eateries Blinkit Licences – कुर्ला के गुलजार मोहम्मदी होटल को हाइजीन में मिले महज 28% अंक, उत्पादन-बिक्री पर पूरी रोक
कुर्ला पश्चिम स्थित ‘गुलजार मोहम्मदी होटल’ में 27 अगस्त को किए गए निरीक्षण के दौरान हालात बेहद चिंताजनक मिले, जहां हाइजीन ऑडिट में होटल को 88 में से मात्र 24 अंक (28 फीसदी) ही प्राप्त हुए। रसोई और स्टोरेज एरिया में भारी गंदगी, कॉकरोच का संक्रमण, नालियों का गंदा पानी रिसना और पानी की टेस्टिंग रिपोर्ट का अभाव पाया गया। इसके चलते एफडीए ने होटल का फूड रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट निलंबित करते हुए निलंबन अवधि के दौरान किसी भी प्रकार के खाद्य पदार्थ बनाने, स्टोर करने, बेचने या परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
Maharashtra FDA Suspends Eateries Blinkit Licences – अकोला में ब्लिंकिट हब पर गिरी गाज, कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने दी कड़ी चेतावनी
विदर्भ के अकोला में क्विक-कॉमर्स कंपनी ब्लिंकिट (Blink Commerce Pvt Ltd) के केंद्र पर री-इंस्पेक्शन के दौरान पाया गया कि पूर्व में जारी सुधार नोटिस के बावजूद कमियों को दुरुस्त नहीं किया गया था। कोल्ड स्टोरेज के फटे हुए प्लास्टिक पर्दे, अनुपयुक्त रैक, फर्श पर बिखरे खाद्य पैकेट, धूल-कचरे का जमाव और कर्मचारियों द्वारा दस्ताने-हेडगियर न पहनने की पुष्टि के बाद 31 अगस्त की सुनवाई में इसका लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया। एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने स्पष्ट किया कि जनता की सेहत और सुरक्षा से समझौता करने वाली किसी भी कंपनी या रेस्तरां को बख्शा नहीं जाएगा और राज्यव्यापी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Post View : 42870






























