Ganesh Chaturthi 2026 BMC Preparations – आगामी गणेशोत्सव 2026 को सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल और स्वास्थ्य-सजग वातावरण में संपन्न कराने के लिए बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) मुख्यालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुंबई की मेयर रितु तावड़े की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विभिन्न सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों के प्रतिनिधियों, नागरिक अधिकारियों और पुलिस प्रशासन ने हिस्सा लिया। बैठक में विसर्जन व्यवस्था, गड्ढामुक्त आगमन-प्रस्थान मार्ग, सार्वजनिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के व्यापक रोडमैप की समीक्षा की गई। मुंबईभर में सुगम विसर्जन के लिए कुल 378 विसर्जन स्थल तैयार किए जा रहे हैं।
Ganesh Chaturthi 2026 BMC Preparations – ‘श्री गणेश आरोग्याचा’ पहल के तहत मंडलों में मुफ्त जांच और महिलाओं की स्क्रीनिंग
मेयर रितु तावड़े ने बैठक में ‘श्री गणेश आरोग्याचा’ विशेष स्वास्थ्य पहल की घोषणा की। इस अभियान के तहत गणेश भक्तों के लिए पंडालों के पास मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर, नेत्र परीक्षण और चश्मा वितरण की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही महिला श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मेयर ने सभी गणेश मंडलों से इन स्वास्थ्य शिविरों और 24 घंटे महिला प्रसाधन गृह (हिरकणी कक्ष) के संचालन के लिए आवश्यक स्थान और सहयोग देने का आह्वान किया।
Ganesh Chaturthi 2026 BMC Preparations – 378 विसर्जन स्थल होंगे तैयार, 6 फीट तक की मूर्तियों के लिए कृत्रिम तालाब अनिवार्य
उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए मेयर ने स्पष्ट किया कि 6 फीट तक की घरेलू व छोटी मूर्तियों का विसर्जन अनिवार्य रूप से कृत्रिम तालाबों (Artificial Ponds) में ही किया जाएगा। इसके लिए मुंबई भर में 44 समुद्र तटों, 23 प्राकृतिक जलस्रोतों और 281 कृत्रिम तालाबों सहित कुल 378 विसर्जन स्थल बनाए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इन सभी विसर्जन स्थलों की लाइव लोकेशन क्यूआर कोड (QR Code) और गूगल मैप्स के जरिए सार्वजनिक की जाएगी, ताकि लोग अपने नजदीकी तालाब पर जाकर सुगमता से विसर्जन कर सकें।
Ganesh Chaturthi 2026 BMC Preparations – शाडू मिट्टी का मुफ्त वितरण, सड़कों की मरम्मत और पेड़ों की छंटाई युद्धस्तर पर
पर्यावरण-हितैषी उत्सव को बढ़ावा देने के लिए बीएमसी ने मूर्तिकारों को 858 टन शाडू मिट्टी और 25,400 लीटर इको-फ्रेंडली प्राकृतिक रंग मुफ्त में वितरित किए हैं। इसके अलावा, बप्पा के आगमन और विसर्जन जुलूस मार्गों पर गड्ढों को भरने, झूलते हुए बिजली व इंटरनेट के तारों को व्यवस्थित करने तथा खतरनाक पेड़ों की शाखाओं की छंटाई का काम युद्धस्तर पर जारी है। मेयर ने आश्वस्त किया कि उत्सव के दौरान चौबीसों घंटे पेयजल आपूर्ति, मोबाइल शौचालय और समुद्र तटों पर लाइफगार्ड्स की पूर्ण तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
Post View : 48659






























