मुंबई के कुर्ला स्थित कुरैशी नगर इलाके में गुरुवार आधी रात के वक्त एक दर्दनाक हादसा सामने आया। एक पुरानी इमारत के डिमोलिशन (ध्वस्तीकरण) कार्य के दौरान इस्तेमाल की जा रही भारी क्रेन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त क्रेन की मदद से एक पोकलेन मशीन को इमारत की ऊपरी मंजिल पर ले जाया जा रहा था, तभी क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह जोरदार आवाज के साथ रिहायशी इलाके पर गिर पड़ी। प्राथमिक जानकारी के अनुसार इस घटना में 8 से 10 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पोकलेन मशीन ऊपर ले जाते समय बिगड़ा संतुलन, मची अफरातफरी
कुरैशी नगर में पुरानी इमारत को गिराने का काम चल रहा था। ऊपरी हिस्से को तेजी से तोड़ने के लिए बड़ी क्रेन के जरिए पोकलेन मशीन को ऊपर खींचा जा रहा था। इसी दौरान क्रेन का बैलेंस बिगड़ गया और वह भरभराकर जमीन पर आ गिरी। क्रेन का विशाल ढांचा आसपास के दो घरों पर जा गिरा, जिससे घर के अंदर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। कुछ लोगों के मलबे में फंसने के बाद स्थानीय निवासियों और राहत दल ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
घरों और गाड़ियों का हुआ भारी नुकसान, लोकल की OHE वायर भी प्रभावित
इस भीषण दुर्घटना में दो मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके अलावा आसपास खड़ी एक कार और ऑटो-रिक्शा भी क्रेन के नीचे दबकर चकनाचूर हो गए। क्रेन का एक हिस्सा रेलवे ट्रैक के पास से गुजरने वाली मुंबई लोकल की ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) वायर पर भी जा गिरा, जिससे कुछ समय के लिए सुरक्षा को लेकर हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर पुलिस ने शुरू की जांच
हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच पुलिस और संबंधित प्रशासन द्वारा की जा रही है। जांच इस बात पर केंद्रित है कि क्या यह किसी तकनीकी खराबी की वजह से हुआ, क्षमता से अधिक भार उठाया जा रहा था या फिर क्रेन ऑपरेटर की लापरवाही थी। इसके साथ ही, रिहायशी इलाके में आधी रात को इतने जोखिम भरे डिमोलिशन कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों (Safety Protocols) का सही तरीके से पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
Post View : 75130






























