•बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का जवाब-कहा सपा अपनी खोती जमीन को बचाने का कार्य करे।
लखनऊ ब्यूरो | बॉम्बे लीक्स
लखनऊ : सपा सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में बढ़ती हुई बेरोजगारी और बदहाली को देखते हुए प्रदेश के सीएम को उत्तराखंड स्थानांतरित कर देना चाहिए। यादव ने बीजेपी को नसीहत देते हुए कहा है कि बीजेपी की राजनीति की बेहतरी और दोनों राज्यों में स्थिरता की बहाली के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री को उत्तराखंड स्थानांतरित कर दिया जाए ताकि वहां रोज-रोज नेतृत्व परिवर्तन के झंझट से जनता को मुक्ति मिल सके।
जिसके बाद प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सपा प्रमुख पर पलटवार किया।कहा कि सपा को अपनी खिसक चुकी जमीन के सच को स्वीकार करना चाहिए।
सपा अध्यक्ष श्री यादव ने बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि प्रदेश और उत्तराखंड दोनों राज्यों में डबल इंजन यार्ड में खड़ा जंग खा रहा है। आज उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री के कारण लोकतंत्र चोटिल हो रहा है। आरोप लगाया कि उत्तराखंड में लोकतंत्र अस्थिरता का शिकार हो चुका है। तंज कसते हुए कहा कि ऐसे में अच्छा होगा कि बीजेपी की राजनीति की बेहतरी और दोनों राज्यों में स्थिरता की बहाली के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को उत्तराखंड स्थानांतरित कर दिया जाए ताकि वहां रोज-रोज नेतृत्व परिवर्तन के झंझट से मुक्ति मिल सके। दावा किया कि यह सच है कि उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र पाताल की भेंट भी चढ़ जाए लेकिन बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व योगी को बदलने की हिम्मत नहीं जुटा सकता है।कहा कि आज जनता में बीजेपी सरकार के प्रति असंतोष बढ़ता जा रहा है। हालात यह है कि आज दोनों राज्यों में पलायन की समस्या समान रूप से गंभीर हो चुकी है। आज कानून व्यवस्था में गिरावट और राजनीतिक तिकड़मबाजी के बीच दोनों राज्यों में पूंजी निवेश एवं नए उद्योग धंधे दूर दूर तक नही है।
कहा कि बीजेपी की नीतियों से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश दोनों राज्यों में बेरोजगारी में वृद्धि बरकरार है। राज्यों में महंगाई और भ्रष्टाचार का बोलबाला है, स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हो चुकी है। महिलाओं का आज सम्मान के साथ जीना दूभर हो गया है। आज दोनों प्रदेशों में अन्न दाताओं के साथ अन्याय हो रहा है ,व्यापारी वर्ग परेशान है। नौजवानों का भविष्य अधर में लटका हुआ है।
आज बीजेपी का लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रारम्भ से ही अनादर का भाव है। सरकार पर कटाक्ष करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि आज लोकतंत्र का अहित करने में उसने कोई कसर नहीं छोड़ी है।कहा कि जब तक उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में बीजेपी सत्तारूढ़ रहेगी तब तक एक स्वस्थ लोकतंत्र की कल्पना करना बेईमानी होगा।
सपा प्रमुख के बयान पर यूपी भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि वह समझ चुके है कि राज्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीजेपी सरकार द्वारा जन अपेक्षाओं को पूरा करते हुए किये जा रहे जनहित के कार्यों के परिणाम स्वरूप जनता का विश्वास बीजेपी के प्रति और दृढ़ विश्वास बढ़ा है जबकि सपा पार्टी की जमीन उत्तर प्रदेश में खिसक चुकी है।जिसे स्वीकार करने के बजाय सपा प्रमुख उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को उत्तराखंड स्थानांतरित करने की बात कह रहे है।कहा कि सपा प्रमुख इस सच को स्वीकार कर लिए है कि राज्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 2022 में फिर से अभूतपूर्व जनसमर्थन के साथ ऐतिहासिक बहुमत वाली बीजेपी की सरकार बनेगी और जनता एक बार फिर परिवारवाद, भ्रष्टाचार और अराजकता को नकार कर बाहर का रास्ता दिखाएगी।
Post View : 36307