Mumbai FDA Crackdown Swiggy Instamart Suleman Usman Licences Suspended – महाराष्ट्र अन्न व औषधि प्रशासन (FDA) ने त्योहारी सीजन के दौरान आम जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर मुंबई भर में बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चला रखा है। खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के घोर उल्लंघन के मामले में एफडीए ने दक्षिण मुंबई के ऐतिहासिक 90 साल पुराने ‘सुलेमान उस्मान मिठाईवाला’, बैलार्ड एस्टेट स्थित ‘स्विगी इंस्टामार्ट’ (Swiggy Instamart) के डार्क स्टोर और कांदिवली स्थित ‘अमेजन’ से जुड़े एक बड़े वेयरहाउस समेत 10 प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। 17 से 20 सितंबर के बीच चलाए गए इस राज्यव्यापी विशेष अभियान के दौरान एफडीए ने लगभग 1.36 करोड़ रुपये मूल्य का 32,023 किलोग्राम/लीटर संदिग्ध, मिलावटी व दूषित खाद्य भंडार जब्त कर नष्ट किया है।
Mumbai FDA Crackdown Swiggy Instamart Suleman Usman Licences Suspended – स्विगी इंस्टामार्ट में मिले जिंदा चूहे और कॉकरोच, चावल की बोरियां कुतरी पाई गईं
बैलार्ड एस्टेट में स्विंस्टा ईएनटी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित ‘स्विगी इंस्टामार्ट’ के डार्क स्टोर में जब एफडीए निरीक्षकों की टीम पहुंची, तो वहां का दृश्य बेहद चौंकाने वाला था। खाद्य पदार्थों के भंडारण और पैकिंग क्षेत्र में जिंदा चूहे और कॉकरोच रेंगते पाए गए। चूहों द्वारा कुतरी गई चावल की बोरियों से अनाज गंदे फर्श पर बिखरा पड़ा था और वहां चूहों की लीद (Droppings) भी मौजूद थी। इसके अलावा, खाद्य सामग्री के ठीक बगल में एक अस्वच्छ शौचालय संचालित हो रहा था, जिससे गंभीर बैक्टीरियल संक्रमण फैलने का खतरा था। खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम की अनुसूची-4 के सीधे उल्लंघन पर प्रशासन ने इसका लाइसेंस फौरन सस्पेंड कर दिया।
Mumbai FDA Crackdown Swiggy Instamart Suleman Usman Licences Suspended – सुलेमान उस्मान मिठाईवाला में सीवेज लाइन के पास बन रही थी मिठाई, अमेजन वेयरहाउस पर भी शिकंजा
मोहम्मद अली रोड स्थित मुंबई की मशहूर और लगभग 90 साल पुरानी दुकान ‘सुलेमान उस्मान मिठाईवाला’ में भी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मिठाई बनाने और भंडारण का क्षेत्र सीवेज लाइन, गंदे पानी के निकास और कचरा निस्तारण क्षेत्र से उचित रूप से अलग नहीं था। बिना ट्रैप वाली नालियों के कारण कीड़े-मकोड़े सीधे खाद्य संपर्क सतहों तक पहुंच रहे थे। वहीं, कांदिवली ईस्ट में एक्यूलॉजिक्स सप्लाई चेन सॉल्यूशंस द्वारा संचालित अमेजन वेयरहाउस में गंदा पानी जमा होने, रसायनों को खाद्य पैकेजिंग के पास रखने और तापमान नियंत्रण लॉग गायब होने के चलते उसका लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया।
Mumbai FDA Crackdown Swiggy Instamart Suleman Usman Licences Suspended – चेंबूर, कांदिवली और वर्सोवा के कई होटलों पर गिरी गाज; त्योहारी सीजन में सख्त कार्रवाई जारी
निलंबन की इस कार्रवाई की जद में चेंबूर की नाइस एंटरप्राइजेज, कांदिवली वेस्ट का जैन स्वीट एंड भेलपुरी हाउस, घाटकोपर की गो ग्रीन फूड हॉस्पिटैलिटी, लालबाग-परेल का स्वाद स्नैक्स कॉर्नर, मालाड का सद्गुरु स्वीट्स और वर्सोवा के लखनवी कबाब व जायका मुरादाबादी होटल भी आए हैं। खाद्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर चल रहे इस अभियान के तहत खोया, मावा, घी, खाद्य तेल और पनीर जैसे त्योहारी उत्पादों की सघन जांच की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले किसी भी ब्रांड या प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा और सुधार होने तक ये परिसर पूरी तरह बंद रहेंगे।
Post View : 78770






























