धुले/शिरपुर। धुले जिले के शिरपुर इलाके में पुलिस ने गांजे की अवैध खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्र में कपास की फसल के बीच कथित रूप से गांजे की खेती किए जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान दो अलग-अलग स्थानों से करीब 480 किलो गांजा सदृश्य पदार्थ बरामद किया गया। जब्त किए गए पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 24 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही मौके पर मौजूद दो संदिग्ध आरोपी फरार हो गए। शिरपुर पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध खेती किसके इशारे पर की जा रही थी और बरामद गांजा सदृश्य पदार्थ की आगे सप्लाई कहां की जानी थी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीमें तलाश कर रही हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।
Post View : 1






























