बॉम्बे लीक्स ,मुंबई
यूनाइडेट नेशंस सिक्योरिटी काउंसिल में भारत ने 26/11 हमले में वांटेड लश्कर के आतंकी साजिद मीर का ऑडियो जारी किया है। इसमें वह मुंबई हमले में शामिल पाकिस्तानी आतंकियों को निर्देश दे रहा है। अमेरिका ने कल यानी 20 जून को काउंसिल की बैठक में साजिद मीर को ग्लोबल टेररिस्ट घोषित करने का प्रस्ताव रखा था। भारत इसका सह प्रस्तावक था।वहीं भारत और अमेरिका के इस प्रस्ताव को चीन द्वारा रोके जाने पर अब भारत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।भारत ने इसे ‘तुच्छ भू-राजनीतिक हित’ करार दिया है।
विदेश मंत्रालय में संयुक्त राष्ट्र राजनीतिक मामलों के संयुक्त सचिव प्रकाश गुप्ता ने यूएन की आतंकवाद रोधी बैठक को संबोधित करते हुए कहा, ‘हमारे पास यह मानने के लिए स्पष्ट कारण हैं कि वैश्विक आतंकवाद-विरोधी आर्किटेक्चर में कुछ तो गलत है।अगर हम अपने तुच्छ भू-राजनीतिक हितों के लिए संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिबंधित बड़े आतंकवादियों को नहीं पकड़ सकते हैं, तो इसका मतलब है कि हममें आतंकवाद की चुनौतियों से लड़ने के लिए वास्तविक राजनीतिक इच्छाशक्ति नहीं है।भारत ने जो आडियो जारी किया है उसमें सुनाया गया है ….जहां आपको मूवमेंट नजर आती है, बंदा छत पर चल रहा है… कोई आ रहा है, जा रहा है… उसपर फायर ठोको… उसको नहीं पता कि यहां क्या हो रहा है… यह निर्देश आतंकी साजिद मीर 26 नवंबर 2008 को मुंबई हमले के दौरान आतंकियों को फोन पर दे रहा था। भारत ने साजिद मीर का यह टेप यूएन में सुनाया है। इस टेप को यूएन के सामने भारत को इसलिए सुनाना पड़ा क्योंकि मुंबई हमले का आरोपी साजिद मीर एक बार फिर ग्लोबल टेररिस्ट घोषित होने से बच गया है। जिसके बाद यह साबित हो गया है कि चीन हमेशा अपने वीटो पावर के जरिए पाकिस्तान के आतंकियों को बचा रहा है।दरअसल पिछले साल भी साजिद मीर को ग्लोबल आतंकवादी घोषित करने के लिए भारत ने कई सबूत दिए थे लेकिन फिर भी यह मुमकिन नहीं हो पाया था। इस बार भी संयुक्त राष्ट्र के बैठक में भारत ने साजिद मीर के आतंक का टेप सामने रखा लेकिन एक बार फिर चीन ने पाकिस्तानी आतंकवादी और मुंबई में 26/11 के हमले का मास्टर माइंड साजिद मीर पर हमदर्दी दिखाई है। मोस्ट वांटेड लश्कर-ए-तैयबा का आतंकवादी साजिद मीर को ग्लोबल टेररिस्ट घोषित करने के प्रस्ताव को चीन ने एक बार फिर रोक दिया है।साजिद मीर ने 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमलों में अहम भूमिका निभाई थी। मीर लश्कर-ए-तैयबा का बड़ा आतंकवादी है। भारत और अमेरिका सालों से उसके पीछे पड़े हैं। संयुक्त राष्ट्र में उसे ग्लोबल टेररिस्ट घोषित करने का प्रस्ताव जब भी आता है, तो चीन उसमें अपने पावर का इस्तेमाल कर अड़ंगा लगा देता है।जबकिं, खबर है कि मुंबई हमलों में उसकी भूमिका की वजह से अमेरिका ने उसके ऊपर 50 लाख डॉलर (करीब 41 करोड़ रुपये) का इनाम घोषित कर रखा था। वह अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआई की वॉन्टेड लिस्ट में है। जून में पाकिस्तान की एक एंटी-टेररिज्म कोर्ट ने उसे टेरर-फाइनेंसिंग केस में 15 साल से ज्यादा जेल की सजा सुनाई थी।
Post View : 89464