
बॉम्बे लीक्स ,महाराष्ट्र
महाराष्ट्र में NCP में फूट के बाद अजित पवार ने पहली बार शरद पवार से मुलाकात की। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार शुक्रवार रात अपने चाचा और NCP प्रमुख शरद पवार से उनके आवास सिल्वर ओक में मुलाकात करने पहुंचे थे। शरद पवार से उनकी मुलाकात मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करने के कुछ ही घंटों बाद हुई।
गौरतलब है कि 2 जुलाई को अजित पवार शरद पवार से बगावत कर अपने समर्थन वाले 8 अन्य एनसीपी विधायकों के साथ महाराष्ट्र सरकार में शामिल हो गए थे।इस बगावत के बाद आज पहली बार चाचा-भतीजे की मुलाकात हुई है।मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अजित पवार चाची प्रतिभा पवार का हाल जानने पहुंचे हैं। प्रतिभा पवार की तबियत खराब है।शुक्रवार को ही उन्हें मुंबई के ब्रिज कैंडी अस्पताल ले जाया गया था। हालांकि उन्हें सर्जरी के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई।इससे पहले अजित खेमे के छगन भुजबल ने प्रतिभा पवार के बारे में चिंता व्यक्त की थी।छगन भुजबल ने कहा कि मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं और पार्टी के कार्यकर्ताओं से उनकी भलाई की कामना करने का आग्रह करूंगा।राजनीतिक गलियारों में जरूर मुलाकात को सियासी चश्मे से देखा जा रहा है, लेकिन अजित गुट इसे सिर्फ एक शिष्टाचार भेंट तक सीमित रखना चाहता है।बता दें कि शुक्रवार को शिंदे सरकार में अजित पवार को वित्त मंत्रालय सौंप दिया गया। ये वो मंत्रालय है जिस पर नजर शिंदे गुट के विधायकों की भी थी। बताया जा रहा है कि उद्धव से कई शिवसैनिकों का नाता भी इसी वजह से टूटा था क्योंकि महा विकास अघाड़ी सरकार में अजित के वित्त मंत्री रहते हुए सही तरह से फंड नहीं मिलते थे, कई विकास कार्य रुक गए थे। इन्हीं तर्कों के आधार पर मांग की गई थी कि शिंदे सरकार में अजित को वित्त मंत्रालय ना दिया जाए। लेकिन अब इसे सियासी प्रेशर कहा जाए या कुछ और, शिंदे गुट के विधायकों की मांग को नहीं माना गया है।
Post View : 87643





























