Maharashtra FDA Suspends EatClub Licence – महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने मुंबई में मिलावटखोरी, अस्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ अपनी व्यापक कार्रवाई जारी रखी है। एफडीए ने ‘बॉक्स8’ (Box8) और ‘मोजो पिज्जा’ (Mojo Pizza) जैसे लोकप्रिय क्लाउड किचन ब्रांड्स का संचालन करने वाली कंपनी ईटकलब ब्रांड्स (EatClub Brands Private Limited) के गोरेगांव पूर्व स्थित आउटलेट का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है। औचक निरीक्षण के दौरान रसोई में भारी अस्वच्छता, कीड़े-मकोड़ों की रोकथाम (पेस्ट कंट्रोल) में विफलता, कर्मचारियों की चिकित्सकीय जांच के अभाव और लाइसेंस नियमों के उल्लंघन की पुष्टि के बाद यह दंडात्मक कदम उठाया गया है।
Maharashtra FDA Suspends EatClub Licence – गोरेगांव के रॉयल पाम्स आउटलेट में मिलीं गंभीर खामियां, लाइसेंस से बाहर की चीजें भी बेच रहे थे
एफडीए की जांच टीम ने आरे मिल्क कॉलोनी, गोरेगांव पूर्व स्थित रॉयल पाम्स में संचालित ईटकलब के आउटलेट का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि खाद्य सामग्री, पैकेजिंग मटीरियल और रसायनों के भंडारण के लिए कोई सुरक्षित व्यवस्था नहीं थी। इसके अलावा पर्याप्त वेंटिलेशन, रोशनी और हाथ धोने की सुविधाओं की कमी पाई गई। पिछले दरवाजे से चूहों और कीड़ों के प्रवेश को रोकने के कोई पुख्ता उपाय नहीं थे। इतना ही नहीं, आउटलेट पर आइसक्रीम और कार्बोनेटेड पेय पदार्थों की बिक्री की जा रही थी, जो उनके स्वीकृत खाद्य लाइसेंस में शामिल ही नहीं थे।
Maharashtra FDA Suspends EatClub Licence – कर्मचारियों के पास ग्लव्स-एप्रन नदारद, मेडिकल रिकॉर्ड और कस्टमर कंप्लेंट सिस्टम गायब
निरीक्षण रिपोर्ट के अनुसार, खाना पकाने और पैक करने वाले कर्मचारियों के पास आवश्यक सुरक्षात्मक गियर जैसे एप्रन, ग्लव्स, हेडगियर और शू-कवर मौजूद नहीं थे। कर्मचारियों के अनिवार्य मेडिकल परीक्षण और फूड-हैंडलर ट्रेनिंग से संबंधित दस्तावेज भी अधूरे पाए गए। भोजन तैयार करने से पहले कच्चे माल की गुणवत्ता की ठीक से जांच नहीं की जा रही थी। साथ ही, ग्राहक शिकायतों के निवारण के लिए कोई औपचारिक व्यवस्था नहीं थी और मौके पर आवश्यक तकनीकी विशेषज्ञ भी तैनात नहीं मिले, जिसके चलते उपभोक्ता स्वास्थ्य को खतरे में देखते हुए लाइसेंस निलंबित किया गया।
Maharashtra FDA Suspends EatClub Licence – कुर्ला की रानी डायट्स में चूहे और सड़ांध, तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में अभियान तेज
ईटकलब के अलावा एफडीए ने कुर्ला पश्चिम (जरीमरी) स्थित ‘रानी डायट्स कंसल्टेंट एंड सर्विस प्रोवाइडर्स’ का फूड लाइसेंस भी निलंबित कर दिया है। रानी डायट्स परिसर में चूहों का सक्रिय संक्रमण, सड़ा हुआ कचरा, नालियों का गंदा पानी जमा होना और फर्श का टूटा-फूटा होना पाया गया। आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में एफडीए ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि चाहे प्रतिष्ठित क्लाउड किचन चेन हो या स्थानीय भोजनालय, नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
Post View : 67656






























