पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट ने इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड की कड़ी आलोचना की है। ब्रॉड ने हाल ही में अपने एक पॉडकास्ट में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ‘बेहद कमजोर और खराब टीम’ (Very Poor Side) करार दिया था। इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए सलमान बट ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल करना पूर्व इंग्लिश खिलाड़ियों की संकीर्ण मानसिकता को उजागर करता है।
स्टुअर्ट ब्रॉड ने क्या दिया था विवादित बयान?
स्टुअर्ट ब्रॉड ने मौजूदा टेस्ट सीरीज के संदर्भ में बात करते हुए कहा था कि पाकिस्तान की टीम काफी कमजोर है और इसमें कोई संदेह नहीं है कि वह एक ‘पुअर साइड’ है। ब्रॉड का मानना था कि अगर इंग्लैंड की टीम इस घरेलू टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान को आसानी से 3-0 से नहीं हरा पाती है, तो यह मेजबान टीम के लिए बहुत बड़ी नाकामी होगी। ब्रॉड के इसी तीखे आकलन पर पाकिस्तानी क्रिकेट जगत में नाराजगी देखने को मिली।
सलमान बट ने ऑस्ट्रेलिया में इंग्लैंड के रिकॉर्ड पर साधा निशाना
ब्रॉड के बयान पर पलटवार करते हुए सलमान बट ने कहा, “माना कि पाकिस्तान इस समय अपनी क्षमता के अनुरूप अच्छा क्रिकेट नहीं खेल रहा है, लेकिन ‘पुअर टीम’ का क्या मतलब है? अगर इंग्लैंड इतनी ही शानदार टीम है, तो जब आप एशेज खेलने ऑस्ट्रेलिया जाते हैं तो आपके साथ क्या होता है? आप हर बार वहां 5-0 से हारकर लौटते हैं।” बट ने नसीहत दी कि इंग्लिश खिलाड़ियों को दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले विदेशी पिचों पर अपने प्रदर्शन का विश्लेषण करना चाहिए।
‘हमारे गेंदबाजों के सामने 120 किमी/घंटे से गेंदबाजी करता था इंग्लैंड’
पाकिस्तान के पूर्व सलामी बल्लेबाज ने इतिहास याद दिलाते हुए कहा कि जब पाकिस्तान के पास दुनिया का सबसे खतरनाक तेज गेंदबाजी आक्रमण था, तब इंग्लैंड के पास 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकने वाले सामान्य गेंदबाज हुआ करते थे। लेकिन पाकिस्तान के किसी भी दिग्गज क्रिकेटर ने कभी भी इंग्लैंड को ‘खराब टीम’ नहीं कहा। बट ने कहा कि यह सिर्फ सोच का फर्क है और खिलाड़ियों को खेल भावना का ध्यान रखना चाहिए।
Post View : 34521






























