मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में मामूली विवाद के चलते एक यात्री की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरुवार दोपहर चर्चगेट से बोरीवली की ओर जा रही लोकल ट्रेन के दिव्यांग (Divyangjan) कोच में सीट पर बैठने को लेकर दो यात्रियों के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक यात्री ने दूसरे को चलती ट्रेन से बाहर धक्का दे दिया। माहिम और बांद्रा रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैक पर गिरने से यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसने बाद में भाभा अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
दिव्यांग डिब्बे में सीट को लेकर हुआ था विवाद, माहिम-बांद्रा के बीच दिया धक्का
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी के अनुसार, यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 1:22 बजे हुई जब चर्चगेट-बोरीवली लोकल ट्रेन माहिम और बांद्रा स्टेशनों के बीच किलोमीटर 14/03 के पास से गुजर रही थी। सांताक्रूज (पूर्व) निवासी 62 वर्षीय केजिटन पाल डेनिस पिरिस दिव्यांग कोच में यात्रा कर रहे थे। उसी दौरान 48 वर्षीय अमजद सफरीद्दीन शेख के साथ उनकी सीट पर बैठने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। गुस्से में आकर अमजद शेख ने केजिटन को चलती ट्रेन के दरवाजे से बाहर धक्का दे दिया।
सहयात्रियों ने आरोपी को दबोचा, अस्पताल में तोड़ा दम
ट्रेन से नीचे गिरते ही केजिटन रेलवे ट्रैक पर गिरकर लहूलुहान हो गए। डिब्बे में मौजूद अन्य यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी अमजद शेख को तुरंत पकड़ लिया और जैसे ही ट्रेन बांद्रा स्टेशन पहुंची, उसे रेलवे पुलिस के हवाले कर दिया। दूसरी ओर, गंभीर रूप से घायल केजिटन को तुरंत बांद्रा पश्चिम स्थित भाभा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन शरीर और सिर पर आई गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी मौत हो गई।
बांद्रा GRP ने दर्ज किया हत्या का मामला, लोकल में बढ़ती हिंसा पर उठे सवाल
बांद्रा गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) ने आरोपी अमजद शेख को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत केस दर्ज किया है। मुंबई की लोकल ट्रेनों में पिछले कुछ महीनों के दौरान यात्रियों के बीच मामूली विवादों के जानलेवा हमलों में तब्दील होने की घटनाएं बढ़ी हैं, जिसने उपनगरीय रेलवे नेटवर्क में आम यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Post View : 64253






























