भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के संन्यास के बाद के करियर को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। अश्विन का मानना है कि रोहित शर्मा अपने खिलाड़ी करियर के समाप्त होने के बाद मुंबई इंडियंस (MI) में कोचिंग या मेंटर की भूमिका निभा सकते हैं। अश्विन ने मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी को सलाह दी है कि जैसे ही रोहित संन्यास का फैसला लें, उन्हें तुरंत टीम में किसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के साथ शामिल कर लेना चाहिए।
मुंबई इंडियंस को तुरंत रोहित शर्मा को अपने साथ जोड़ना चाहिए: आर अश्विन
अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत करते हुए आर अश्विन ने कहा कि रोहित शर्मा की कप्तानी और रणनीतिक सोच का कोई मुकाबला नहीं है। अश्विन के अनुसार, “यदि कल रोहित यह तय करते हैं कि वह अब नहीं खेलेंगे, तो मुंबई इंडियंस को तुरंत उन्हें अपने साथ जोड़ लेना चाहिए। जिस कप्तान ने फ्रेंचाइजी को पांच आईपीएल (IPL) खिताब दिलाए हों और भारत को वर्ल्ड कप जिताया हो, वैसा दिमाग और अनुभव आसानी से नहीं मिलता।” अश्विन ने जोर देकर कहा कि मुंबई इंडियंस रोहित जैसे महान खिलाड़ी को यूं ही जाने नहीं देगी।
हेड कोच या मेंटर: रोहित शर्मा के पास होंगे कई विकल्प
अश्विन ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर रोहित तुरंत मुख्य कोच का पद नहीं संभालना चाहते, क्योंकि यह काफी मेहनत और समय मांगने वाली भूमिका होती है, तो वे एक-दो साल का ब्रेक लेकर वापसी कर सकते हैं। उन्होंने पूर्व भारतीय दिग्गज राहुल द्रविड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि ब्रेक के बाद वापसी करना खिलाड़ियों के लिए सही रहता है। आधुनिक फ्रेंचाइजी क्रिकेट में मेंटर, क्रिकेट निदेशक या हाई-परफॉर्मेस डायरेक्टर जैसे कई नए और प्रभावी पद बन चुके हैं, जहां रोहित अपनी सेवाएं दे सकते हैं।
विराट कोहली और रोहित शर्मा के भविष्य के रास्ते होंगे अलग
अश्विन से जब विराट कोहली के कोचिंग में आने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि विराट शायद संन्यास के तुरंत बाद क्रिकेट से ब्रेक लेना पसंद करेंगे। अश्विन के मुताबिक, दोनों ही खिलाड़ियों ने भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत मेहनत की है, लेकिन विराट का रुख अलग हो सकता है। जहां रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के साथ रणनीतिक भूमिका में जुड़ सकते हैं, वहीं कोहली खेल से कुछ समय के लिए पूरी तरह से दूरी बना सकते हैं।
Post View : 45224






























