Mumbai Water Cut – बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने पश्चिमी उपनगरों में जल वितरण प्रणाली को दुरुस्त करने के लिए 11 और 12 अगस्त को 24 घंटे की पानी कटौती की घोषणा की है। 2,400 मिलीमीटर व्यास वाली मुख्य वैतरणा जलवाहिनी पर आवश्यक तकनीकी एवं रखरखाव कार्य के कारण वांद्रे (पूर्व) से लेकर जोगेश्वरी (पूर्व) तक के कई इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। बीएमसी प्रशासन ने नागरिकों से पानी साठकर रखने और उसका सोच-समझकर इस्तेमाल करने की अपील की है।
Mumbai Water Cut – 11 अगस्त सुबह 10 बजे से 12 अगस्त सुबह 10 बजे तक रहेगा शटडाउन
नगर निगम द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह काम मंगलवार, 11 अगस्त को सुबह 10 बजे से शुरू होकर बुधवार, 12 अगस्त को सुबह 10 बजे तक चलेगा। इस दौरान संपूर्ण एच-पूर्व (H-East) वार्ड यानी वांद्रे पूर्व, खार पूर्व, सांताक्रूज पूर्व, वांद्रे-कुर्ला संकुल (BKC), वांद्रे रेल्वे टर्मिनस और छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परिसर में जलापूर्ति पूरी तरह से बंद रहेगी।
Mumbai Water Cut – के-दक्षिण वार्ड के क्षेत्रों में कम दबाव से मिलेगा पानी
इसके अलावा के-दक्षिण (K-South) वार्ड के अंतर्गत आने वाले अंधेरी और जोगेश्वरी पूर्व के कई हिस्सों—जैसे चकाला, कबीर नगर, बामणवाडा, पारसीवाडा, विजय नगर, ओल्ड पुलिस लेन और सहार गांव में तय समय सारणी के अनुसार काफी कम दबाव (Low Pressure) से पानी की आपूर्ति की जाएगी। व्यावसायिक और आवासीय दोनों क्षेत्रों में पानी की किल्लत की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त टैंकरों को अलर्ट पर रखा गया है।
Mumbai Water Cut – बीएमसी की अपील: पानी उबालकर और छानकर पीएं नागरिक
जलवाहिनी के मरम्मत कार्य के बाद शुरुआत में पानी में मटमैलापन (Turbidity) आने की संभावना को खारिज नहीं किया जा सकता। इसी वजह से बीएमसी के जल विभाग ने सुरक्षा के लिहाज से नागरिकों को सलाह दी है कि आपूर्ति बहाल होने के बाद अगले कुछ दिनों तक पानी को उबालकर और छानकर ही उपयोग में लाएं। बीएमसी के अनुसार इस रखरखाव से भविष्य में क्षेत्र में पानी के रिसाव को रोकने और दबाव में सुधार लाने में मदद मिलेगी।
Post View : 56791






























