बॉम्बे लीक्स ,दिल्ली
दिल्ली की चर्चित 25 करोड़ की ज्वेलरी शोरूम चोरी मामले का खुलासा हो गया है।इस मामले में दिल्ली पुलिस ने वारदात से जुड़े 3 चोरों को गिरफ्तार किया है।पूछताछ में खुलासा हुआ है कि कैसे और किस प्रकार इतनी बड़ी चोरी को अंजाम देने के लिए प्लान तैयार किये गए।पुलिस के मुताबिक अकेले एक शख्स ने बिलासपुर से दिल्ली आकर रात में इस कांड को न सिर्फ अंजाम दिया बल्कि वापस बिलासपुर पहुँच गया।
गौरतलब है कि दिल्ली के भोगल इलाके में पिछले दिनों ज्वैलरी शोरूम में 25 करोड़ों की चोरी मामले में पुलिस ने छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक शख्स को गिरफ्तार किया है।पुलिस गिरफ्त में आए इस शातिर चोर ने पुलिस के सामने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।इतनी बड़ी चोरी की सबसे खास बात ये रही कि इसे चोरों के किसी गिरोह ने नहीं बल्कि सिर्फ एक शख्स ने अंजाम दिया।बता दें कि दिल्ली में सबसे बड़ी चोरी के मास्टर माइंड व छत्तीसगढ़ के हाईप्रोफाइल चोर लोकश श्रीवास को दिल्ली के चांदनी चौक से जंगपुरा स्थित उमराव सिंह ज्वेलर्स के शोरूम के बारे में पता लगा था। इसके बाद उसने यू-ट्यूब से शोरूम के बारे में पूरी जानकारी हासिल कर ली थी। सारी जानकारी लेने के बाद वह शोरूम की रैकी के लिए कई बार दिल्ली आया। पहली बार रैकी के लिए वह नौ सितंबर को शिवा चंद्रवंशी के साथ जंगपुरा आया। इस दौरान ही वह तय करके चला गया था कि वह इसी शोरूम में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देगा और उसका समय और तरीका क्या होगा।लोकेश श्रीवास चोरी के एक मामले में छत्तीसगढ़ से फरार था। छत्तीसगढ़ पुलिस उसका पूरी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। ये छिपने के लिए दिल्ली आ गया था। हालांकि दिल्ली में बड़ी चोरी करने की मंशा भी इसके दिमाग में थी। ये दिल्ली में सबसे पहले चांदनी चौक गया। यहां काफी देर तक घूमता रहा। यहां उसे लगा कि जूलरी शोरूम में वारदात करना आसान नहीं है। इसके बाद इसने यहां किसी से दिल्ली में बड़े व सस्ते शोरूम के बारे में पूछा। तब उसे जंगपुरा स्थित उमराव सिंह शोरूम के बारे में पता चला। इसके बाद ये शिवा के साथ जंगपुरा पहुंचा।ये दोनों नौ सितंबर को वहां गए थे। यहां पर इन्होंने काफी देर तक रैकी की। इसके बाद छत्तीसगढ़ चले गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुख्य आरोपी लोकेश रेकी करने के लिए दो-तीन बार दिल्ली आया था। पूछताछ में उसने बताया कि उसने यू-ट्यूब देखकर ये पता लगाया था कि शोरूम कब बंद रहता है। यह कितना बड़ा है और यहां कितनी भीड़ रहती है। वारदात वाले दिन यानि 24 सितंबर को वह दिल्ली आया और इसने शोरूम की रेकी की। इसके बाद वह पुरानी दिल्ली गया। उसने पुरानी दिल्ली से औजार खरीदे और रात नौ बजे शोरूम के पास पहुंचा। यहां पर रात 11.45 बजे तक घूमता रहा। रात 11.45 बजे वह शोरूम की बगल वाली इमारत में घुसा। इमारत में घुसता हुआ वह सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया था।इसके बाद पुलिस को इनपुट मिला कि चोर छत्तीसगढ़ में छुपे हैं।दिल्ली पुलिस ने छत्तीसगढ़ पुलिस को सूचित किया।छत्तीसगढ़ पुलिस ने दुर्ग के स्मृतिनगर थाना क्षेत्र से मुख्य आरोपी लोकेश श्रीवास को गिरफ्तार किया।लोकेश के अलावा शिवा चंद्रवंशी समेत तीन को गिरफ्तार किया।पुलिस रिकॉर्ड्स के मुताबिक ये पेशेवर चोर हैं और पहले भी कई चोरियां कर चुके हैं।आरोपी छत्तीगसढ़ और आंध्र प्रदेश में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।पुलिस ने तीनों चोरों के पास से लगभग 18 किलो सोना और हीरे बरामद कर लिया है।
Post View : 76253