बॉम्बे लीक्स ,महाराष्ट्र
महाराष्ट्र में औरंगजेब के नाम पर मचा घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है।ताजा मामले में मुंबई के कुछ इलाकों में पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे और औरंगजेब की फोटो एक होर्डिंग में नजर आई तो पूरे शहर में सियासी भूचाल मच गया।इस होर्डिंग से एक ओर मुंबई की सियासत गर्मा गई है वहीं दूसरी ओर कहा जा रहा है कि इस होर्डिंग ने महाराष्ट्र में औरंगजेब के जिन्न को एक बार फिर से बोतल से बाहर कर दिया है।
गौरतलब है कि इन होर्डिंग्स पर उद्धव ठाकरे और वंचित बहुजन अघाड़ी प्रमुख प्रकाश आंबेडकर के साथ औरंगजेब की तस्वीर दिख रही है। जानकारी के अनुसार, ये पोस्टर्स बीती रात लगाए गए हैं। हालांकि, इन्हें किसने लगाया है इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।मुंबई पुलिस ने जानकारी दी है कि इस मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है।मुंबई पुलिस के मुताबिक शहर में कानून व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।बताया जा रहा है विवादित होर्डिंग को अब हटा दिया गया है।अब तक इसकी कोई शिकायत न मिलने के बाद भी पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।होर्डिंग पर मराठी में एक संदेश भी लिखा था जिसका अनुवाद इस प्रकार किया जा सकता है, ‘प्रकाश अंबेडकर औरंगजेब की धुन पर नाच रहे हैं और उद्धव ठाकरे उनका साथ दे रहे हैं।मुंबई पुलिस का कहना है कि हैशटैग ‘औरंगजेब के लिए उद्धव ठाकरे’ वाले यह पोस्टर रात में लगाए गए थे।यह पोस्टर, बाबा साहेब अंबेडकर के पोते प्रकाश अंबेडकर के संभाजीनगर (पूर्व में औरंगाबाद) में औरंगजेब की कब्र पर जाकर मुगल बादशाह को पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद हुए बवाल के बाद सामने आए।उनकी यात्रा अहमदनगर और खासकर कोल्हापुर में हुए सांप्रदायिक तनाव के कुछ दिनों बाद हुई थी, दरअसल कुछ मुस्लिम कॉलेज छात्रों ने औरंगजेब पर वॉट्सऐप स्टेटस और ऑडियो संदेश पोस्ट कर दिया था, जिसके बाद हिंदू संगठन भड़क गए थे और हिंसा के मामले सामने आए थे।अंबेडकर की इस यात्रा के बाद कई लोगों की त्योरियां चढ़ गई थीं।इसके बाद अंबेडकर ने कहा था, ‘औरंगजेब की कब्र पर जाने में बुराई क्या है? वह एक मुगल सम्राट था जिसने करीब 50 सालों तक यहां राज किया।क्या हम इतिहास को मिटा सकते हैं।औरंगजेब को गाली देने की बजाय हमें यह सोचना चाहिए कि उसने यहां राज किया क्यों। क्या वजह थी… हमें अपने अतीत के प्रति सचेत रहना चाहिए। नफरत फैलाने के बजाय, हमें ऐतिहासिक तथ्यों के साथ सामंजस्य बनाने की जरूरत है।इसके बाद ओवैसी की पार्टी के सांसद का बयान आया था। अब इस होर्डिंग को आंबेडकर के औरंगजेब के मकबरे के दौरे से जोड़ कर भी देखा जा रहा है।इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए महाराष्ट्र के मंत्री दीपक केसारकर ने कहा कि, उद्धव ठाकरे का औरंगजेब के प्रति नया प्रेम देखा जा सकता है।जिन लोगों ने हिंदुत्व के साथ समझौता किया, छत्रपति शिवाजी महाराज उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे।
Post View : 87647