PM Modi Vadodara Event BookMyShow Sold Out – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात दौरे के दौरान वडोदरा में आयोजित होने वाले सार्वजनिक कार्यक्रम में जनभागीदारी को लेकर एक नया तकनीकी और ऐतिहासिक प्रयोग देखने को मिला है। पहली बार किसी प्रधानमंत्री के सार्वजनिक कार्यक्रम में आम नागरिकों के प्रवेश के लिए निजी टिकटिंग प्लेटफॉर्म ‘बुकमायशो’ (BookMyShow) के जरिए मुफ्त ऑनलाइन पंजीकरण खोला गया। वडोदरा नगर निगम (VMC) द्वारा शुरू की गई इस डिजिटल बुकिंग प्रणाली को जनता का ऐसा भारी समर्थन मिला कि विंडो खुलते ही महज एक घंटे के भीतर कार्यक्रम स्थल की सभी सीटें बुक हो गईं। मांग इतनी तीव्र थी कि पंजीकरण बंद होने के बाद भी 42,000 से अधिक आवेदकों को वेटिंग लिस्ट में रखना पड़ा।
PM Modi Vadodara Event BookMyShow Sold Out – ‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम के लिए एमएसयू पवेलियन में जुटेगी भारी भीड़
यह भव्य कार्यक्रम वडोदरा स्थित प्रसिद्ध महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय (MSU) के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित किया जा रहा है। ‘नमो फॉर विकसित भारत’ (NaMo for Viksit Bharat) शीर्षक से आयोजित इस सम्मलेन का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के दृष्टिकोण के तहत छात्रों, युवाओं, उद्यमियों, शिक्षाविदों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और नागरिक समाज को एक मंच पर जोड़ना है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, उपलब्ध क्षमता की तुलना में तीन गुना से अधिक पंजीकरण मांग दर्ज की गई, जिसके चलते मुख्य मैदान में जगह न पाने वाले लोगों के लिए प्रशासन ने अलग से स्पेशल फैन जोन भी बनाए हैं।
PM Modi Vadodara Event BookMyShow Sold Out – लाइव क्यूआर कोड और एम-टिकट से डिजिटल एंट्री, कतारों से मिलेगी निजात
भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को चाक-चौबंद बनाने के लिए पूरे कार्यक्रम में पहली बार एंड-टू-एंड डिजिटल एंट्री सिस्टम लागू किया गया है। सफलतापूर्वक पंजीकरण कराने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को उनके बुकमायशो अकाउंट पर इलेक्ट्रॉनिक एम-टिकट (M-Ticket) जारी किया गया है, जिसमें एक सुरक्षित लाइव क्यूआर कोड शामिल है। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश, पहचान सत्यापन और सिटिंग एलोकेशन पूरी तरह से डिजिटल स्कैनिंग के जरिए संचालित किया जाएगा, ताकि पारंपरिक कागजी पास की अव्यवस्था और गेटों पर होने वाली अफरातफरी व जाम से बचा जा सके।
PM Modi Vadodara Event BookMyShow Sold Out – 35,000 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण, वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित
अपने इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी वडोदरा से गुजरात और महाराष्ट्र के लिए 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इनमें 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) के 326 किलोमीटर लंबे तीन प्रमुख खंडों का राष्ट्र को समर्पण शामिल है। यह कॉरिडोर उत्तर भारत के औद्योगिक केंद्रों को सीधे मुंबई के जेएनपीटी (JNPT) पोर्ट से जोड़कर लॉजिस्टिक्स लागत को घटाएगा। इसके अलावा पीएम मोदी न्यू साणंद, न्यू मकरपुरा और न्यू जेएनपीटी से मालगाड़ियों तथा टांडा रोड से वडोदरा के बीच नई यात्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
Post View : 67680






























