बॉम्बे लीक्स ,नई दिल्ली
साउथ पूर्वी दिल्ली के सराय काले खां इलाके में मानव शरीर के कई अंगों के टुकड़े एक पॉलिथीन के अंदर मिलने से सनसनी फैल गई। इन टुकड़ों में सिर और हाथ का पंजा के साथ ही कुछ बाल नजर आए हैं। पुलिस का कहना है कि यह शरीर के अंग महिला के लग रहे हैं। इसके आधार पर यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि शव महिला का है।
गौरतलब है कि सराय काले खां इलाके की सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस को दोपहर करीब 12 बजे एक संदिग्ध पॉलिथीन के बारे में सूचना मिली थी।मौके पर पहुंची पुलिस ने पॉलिथीन को खोला तो उसमें महिला के शरीर के टुकड़े मिले। पुलिस के साथ ही फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शरीर के अंगों को एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भिजवा दिया है। दो दिन पहले ही नोएडा सेक्टर 8 में नाले से कुछ मानव शरीर के अंग मिले थे। इससे निठारी जैसी घटना की आशंका भी लग रही है।इस सनसनीखेज वारदात को लेकर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुटी हुई है। हालांकि, अभी तक लाश की पहचान नहीं कर पाई है। सूचना पर FSL की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। इस मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने के लिए लोकल पुलिस और क्राइम ब्रांच को लगाया गया।बता दें कि जब सफेद कलर की इस पॉलिथिन में महिला की खोपड़ी, कमर के नीचे का हिस्सा, कटा हुआ हाथ और हाथ का एक पंजा मिलने के बाद इस मामले की खबर आग की तरह इलाके में फैल गई।पुलिस की तरफ से बताया गया कि शनिवार की सुबह 11.56 मिनट पर सनलाइट कॉलोनी पुलिस थाने में फोन आया था। इसमें बताया गया कि सराय काले खां बस अड्डे के पास फ्लाइओवर के करीब मानव शरीर के अंग मिले हैं। यहां पास में ही आरआरटीएस के स्टेशन का भी निर्माण हो रहा है। घटना पर पहुंची पुलिस को मानव शरीर के अंगों के साथ ही बाल भी मिले। क्राइम और फोरेंसिक की टीम ने भी मौके का मुआयना किया। इसके बाद पुलिस ने शरीर के अंगों को आगे की जांच के लिए एम्स के ट्रॉमा सेंटर भेज दिया। पुलिस अब मानव शरीर के अंगों की पहचान करने में जुट गई है।वहीं देखा जाए तो दो दिन पहले ही नोएडा सेक्टर 8 में भी नाले से मानव शरीर के अंग मिले थे। उस समय कर्मचारी नाले की सफाई कर रहे थे। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो घंटे की तलाशी के बाद नाले से 2 पंजे और दो हाथ बरामद किए। इसके बाद उन अंगों को भी जांच के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पता लगाने की कोशिश कर रही थी कि ये अंग किसने फेंके हैं।फिलहाल इस तरह की दोहरी वारदात के बाद निठारी कांड की यादें ताजा हो गई हैं। मई 2006 में नोएडा के निठारी में एक कोठी से नर कंकाल मिलने के बाद हंड़कंप मच गया था। जांच के दौरान मानव शरीर की हड्डियां और 40 ऐसे पैकेट मिले थे जिनमें मानव शरीर के अंगों को भरकर नाले में फेंक दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। इस मामले में कोठी मालिक मोनिंदर सिंह पंढेर और उसके यहां काम करने वाला नौकर सुरेंद्र कोली था। इन दोनों पर बच्चों को अगवा कर रेप करने और हत्या का आरोप था। अदालत ने इस मामले में सुरेंद्र कोली और मनिंदर सिंह पंढेर को फांसी की सजा सुनाई थी।
Post View : 46538