Mumbai Auto Drivers Strike – मुंबई और उपनगरीय इलाकों में ऑटो-रिक्शा, टैक्सी और कैब चालकों के लिए मराठी भाषा के कार्यात्मक ज्ञान (Functional Knowledge of Marathi) की अनिवार्यता के विरोध में ऑटो चालकों के एक बड़े वर्ग ने विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है। सोमवार को गैर-मराठी भाषी ऑटो चालकों ने वेस्टर्न सबर्ब्स के कांदिवली लिंक रोड पर लालजीपाड़ा के पास चक्का जाम (रास्ता रोको) कर तीन दिवसीय हड़ताल की घोषणा कर दी। पीक आवर्स में अचानक हुए इस प्रदर्शन और सड़क जाम के चलते वेस्टर्न एक्सप्रेस वे और लिंक रोड पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे सुबह दफ्तर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
Mumbai Auto Drivers Strike – कांदिवली लिंक रोड पर रास्ता रोको, यात्रियों को ऑटो से उतारने का आरोप
सोमवार सुबह करीब 9 बजे दर्जनों गैर-मराठी भाषी ऑटो चालक कांदिवली के लालजीपाड़ा इलाके में जमा हुए और सड़क के बीचों-बीच अपने वाहन खड़े कर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाषा नियम लागू होने के बाद से उन्हें नोटिस दिए जा रहे हैं और भारी जुर्माना लगाने की धमकियां दी जा रही हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में प्रदर्शनकारी चालकों द्वारा सवारी ले जा रहे अन्य ऑटो को जबरन रोककर यात्रियों को नीचे उतारने की घटनाएं भी सामने आईं, जिसके बाद मौके पर पहुंची भारी पुलिस बल और ट्रैफिक पुलिस ने हालात को नियंत्रित किया।
Mumbai Auto Drivers Strike – आरटीओ की सख्त जांच, कारण बताओ नोटिस और निलंबन की चेतावनी से खौफ
महाराष्ट्र परिवहन विभाग द्वारा राज्यभर में ऑटो और टैक्सी चालकों की मराठी भाषा दक्षता की जांच के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। आरटीओ (RTO) टीमों द्वारा रेलवे स्टेशनों, मॉल्स और प्रमुख टैक्सी स्टैंडों के बाहर चालकों की भाषा जांच की जा रही है और मराठी में बातचीत न कर पाने वालों को 30 दिन का कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। अनुपालन न करने पर लाइसेंस और परमिट तीन महीने के लिए निलंबित या रद्द करने की कार्रवाई का प्रावधान किया गया है, जिसके डर से बड़ी संख्या में चालकों ने गाड़ियां सड़कों से हटा ली हैं।
Mumbai Auto Drivers Strike – ‘कम पढ़े-लिखे चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नियम में ढील की मांग
प्रदर्शनकारी चालकों का कहना है कि वे वर्षों से मुंबई में सेवा दे रहे हैं और कई वरिष्ठ चालक निरक्षर या कम पढ़े-लिखे हैं, जिनके लिए अचानक नई भाषा सीखना और कड़े नियमों का पालन करना व्यावहारिक नहीं है। चालकों ने भारी-भरकम जुर्माने को तत्काल वापस लेने, ऑनलाइन लर्निंग पोर्टल की सुविधा देने और भाषा सीखने के लिए पर्याप्त समय सीमा दिए जाने की मांग की है। चालकों के इस विरोध के चलते मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) के कई इलाकों में सोमवार को ऑटो की भारी किल्लत देखी गई।
Post View : 56750






























