दक्षिण चीन सागर में बढ़ते क्षेत्रीय तनाव और अपनी समुद्री सीमाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए फिलीपींस ने एक बार फिर भारत के साथ रक्षा संबंधों को गहरा करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। फिलीपींस भारत से सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल ‘ब्रह्मोस’ की एक और बड़ी खेप खरीदने की तैयारी कर रहा है।
BrahMos Philippines Deal – 700 से 800 मिलियन डॉलर के नए रक्षा सौदे पर हो सकती है बात
मीडिया रिपोर्ट्स और रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, फिलीपींस सरकार लगभग 5 अतिरिक्त ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम यानी कुल करीब 60 मिसाइलें खरीदने पर विचार कर रही है। अनुमान है कि यह संभावित सौदा 700 से 800 मिलियन डॉलर के बीच का हो सकता है, जो वर्ष 2022 में हुए पहले 375 मिलियन डॉलर के समझौते से काफी बड़ा होगा।
BrahMos Philippines Deal – फिलीपींस के पर्यावरण और भूभाग के अनुकूल बदलावों का प्रस्ताव
फिलीपींस के रक्षा सचिव गिल्बर्टो टियोडोरो ने हाल ही में कहा है कि मनीला ने भारतीय अधिकारियों को एक ‘विश लिस्ट’ सौंपी है। इसके तहत देश के द्वीपीय भूभाग, पुलों और कम टिकाऊ सड़कों की लॉजिस्टिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए मिसाइल प्रणाली में फिलीपींस के वातावरण के अनुकूल तकनीकी और ढांचागत बदलाव करने का अनुरोध किया गया है।
BrahMos Philippines Deal – दक्षिण चीन सागर में अपनी सामरिक स्थिति मजबूत कर रहा है मनीला
चीन के साथ दक्षिण चीन सागर में लगातार बने गतिरोध के बीच ब्रह्मोस मिसाइलें फिलीपींस के लिए एक बड़ा गेम-चेंजर साबित हो रही हैं। 2022 के अनुबंध के तहत पहली खेप मिलने के बाद, अब फिलीपींस इन अत्याधुनिक मिसाइलों को अपनी तटीय रक्षा (coastal defense) का मुख्य आधार बना रहा है।
(46741)