बॉम्बे लीक्स ,नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर दावा किया है कि उनकी पार्टी के गुजरात के नेता गोपाल इटालिया को गिरफ्तार कर लिया गया है।केेेेेजरी ने ट्वीट कर लिखा कि, गुजरात में आम आदमी पार्टी के शानदार प्रदर्शन से बीजेपी इस कदर बौखलाई है , कि अब हमारे गुजरात के नेता गोपाल इटालिया को गिरफ्तार कर लिया है।बीजेपी का अब बस एक मकसद है किस तरह आम आदमी पार्टी को खत्म किया जाए।एक एक करके सबको जेल में डालेंगे ये लोग।
गौरतलब है कि गुजरात में आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया की मुश्किलें बढ़ने लगी है। सूरत क्राइम ब्रांच ने गोपाल इटालिया को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और गृह राज्य मंत्री को लेकर विवादित टिप्पणी करने के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। सूरत क्राइम ब्रांच ने यह कार्रवाई शहर के उमरा थाने में दर्ज शिकायत के बाद की है। इटालिया के खिलाफ यह शिकायत सूरत बीजेपी के कार्यकर्ता प्रताप भाई चौवाडिया ने की है। चौवाडिया एक ज्वैलरी शॉप के मालिक हैं। तो वहीं दूसरी तरफ सूरत क्राइम ब्रांच के हिरासत में लेने पर इटालिया ने अपनी प्रतिक्रिया दी थी। इटालिया ने कहा था कि उनका और उनकी पार्टी का मनोबल तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।हालांकि उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया है।आप नेता के खिलाफ यह मामला 2 सितंबर 2022 को सूरत के उमरा पुलिस थाने में दर्ज किया गया था।उन पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया मंचों पर अपलोड किए गए एक वीडियो मैसेज में प्रदेश भाजपा प्रमुख सीआर पाटिल और गुजरात के मंत्री हर्ष संघवी के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया तथा भाजपा कार्यकर्ताओं को ‘गुंडा’ कहा था।इटालिया ने अपने सहकर्मी मनोज सोरठिया पर अगस्त 2022 में सूरत में हुए कथित हमले के बाद वीडियो अपलोड किया था।वीडियो मैसेज में इटालिया ने पाटिल और संघवी के बारे में कथित तौर पर कुछ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था तथा कहा था कि सोरठिया पर हुए हमले को भाजपा के गुंडों ने अंजाम दिया है।इस मामले की जांच सूरत अपराध शाखा कर रही है। जिसने दिन में इटालिया को गिरफ्तार किया।जमानत पर रिहा किए जाने के बाद, इटालिया ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई का लक्ष्य उन्हें परेशान करना है।उन्होंने कहा, ‘इस तरह के बयान एक-दूसरे के खिलाफ सभी नेता देते हैं।सिर्फ मेरे खिलाफ ही प्राथमिकी क्यों दर्ज की गई।उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और सरकार अपनी शक्ति का दुरुपयोग कर रहे हैं।इटालिया के खिलाफ मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 500 (मानहानि), 504(शांति भंग करने के लिए उकसाने के मकसद के साथ इरादतन अपमान करना), 505-1बी (सरकार या आम जन के खिलाफ अपराध के लिए व्यक्ति को भड़काने का आपराधिक कृत्य), और 469 (प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से फर्जीवाड़ा करना) के तहत दर्ज किया गया था।गोपाल इटालिया का जन्म 21 जुलाई, 1989 को गुजरात के बोटाद में हुआ था। उन्होंने गुजरात विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है। इटालिया गुजरात में आप के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वे इस समय आप के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव और महाराष्ट्र के सह प्रभारी हैं। 2022 के विधान सभा चुनाव में गोपाल इटालिया आप प्रत्याशी के तौर पर चुनावी मैदान में उतरे थे लेकिन हार का सामना करना पड़ा था।
Post View : 43800