Tukaram Mundhe FDA Action – महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में मुंबई के खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ व्यापक जांच अभियान चलाया गया है। इस विशेष निरीक्षण अभियान के दौरान स्वच्छता, भंडारण, तापमान नियंत्रण और रख-रखाव में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर एफडीए ने मुंबई के 6 प्रमुख होटलों, रेस्टोरेंट्स और क्लबों के फूड बिजनेस लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। इसके साथ ही नियमों में मामूली खामियां पाए जाने पर 6 अन्य प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस (Improvement Notice) जारी किया गया है।
Tukaram Mundhe FDA Action – बांद्रा के प्रतिष्ठित ऑटर्स क्लब समेत कई नामी प्रतिष्ठानों पर गाज
एफडीए द्वारा की गई इस कार्रवाई के तहत बांद्रा स्थित प्रतिष्ठित ऑटर्स क्लब, दहिसर के डेली फ्रेश बेकर्स, खार पश्चिम के प्रिंस ऑफ वेल्स रेस्टोरेंट सहित अन्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। निरीक्षण दलों को इन स्थानों पर टूटी फर्श, ड्रेनेज ब्लॉकेज, फ्रिज के खराब गैस्केट और तापमान नियंत्रण में विसंगतियां जैसी समस्याएं मिलीं। खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन न होने के कारण प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए परिचालन पर रोक लगा दी है।
Tukaram Mundhe FDA Action – प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के उपयोग और स्वच्छता की जांच
जांच के दौरान प्रतिष्ठानों में एनालॉग पनीर (गैर-डेयरी वसायुक्त पनीर) के संदिग्ध स्टॉक और तेल की गुणवत्ता (टीपीसी टेस्टिंग) के रिकॉर्ड में भी कमियां सामने आईं। महाराष्ट्र में पहले से ही एनालॉग पनीर के उपयोग पर रोक लगाई जा चुकी है। एफडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक संबंधित प्रतिष्ठान पाई गई सभी कमियों को दूर कर सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं करते, तब तक उन्हें फिर से काम शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
Tukaram Mundhe FDA Action – जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ पर नहीं होगा कोई समझौता: एफडीए आयुक्त
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आम जनता के स्वास्थ्य और स्वच्छता के साथ किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य प्रतिष्ठानों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, किचन में कीट नियंत्रण (पेस्ट कंट्रोल) सुनिश्चित करने और कर्मचारियों की नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। आने वाले दिनों में शहर के अन्य क्लबों, क्लाउड किचन और रेस्टोरेंट्स में भी औचक निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।
Post View : 45634






























