
कुख्यात ऑयल माफिया राजू पंडित
ठाणे : ठाणे क्राइम ब्रांच और राशनिंग विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध डीजल तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक टैंकर से करीब 25 हजार लीटर संदिग्ध डीजलनुमा पदार्थ बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने टैंकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इन 8 लोगों में राजू पंडित का नाम शामिल है मामला दर्ज होने के बाद से राजू पंडित फरार है।
जानकारी के अनुसार, 21 मई को पुलिस और राशनिंग विभाग की जॉइंट टास्क फोर्स ने ठाणे के खारेगांव टोल प्लाजा पर टाटा टैंकर क्रमांक MH-46-BB-7134 को रोककर जांच की। पुलिस से बचने के लिए टैंकर के पीछे “खाने का तेल” लिखा गया था, लेकिन जांच के दौरान उसमें खाना पकाने के तेल की जगह करीब 25 हजार लीटर गैर-कानूनी और खतरनाक डीजल जैसा पदार्थ मिला।
पूछताछ में टैंकर चालक धर्मेंद्रकुमार पटेल ने पुलिस को बताया कि यह डीजल विरार क्रीक इलाके में नावों के जरिए लाया गया था। चालक के अनुसार, टैंकर मालिक रितेश सिंह और एक हैंडलर अनिल के निर्देश पर वह बिना किसी वैध बिल और परमिट के इस माल को नासिक की ओर ले जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक जब्त किए गए ईंधन की कीमत लगभग 24.50 लाख रुपये और टैंकर की कीमत करीब 22 लाख रुपये आंकी गई है। कुल जब्ती 46.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस मामले में कलवा पुलिस स्टेशन में आठ आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955, मोटर स्पिरिट एंड हाई-स्पीड डीजल ऑर्डर 2005 तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, इस पूरे सिंडिकेट का मास्टरमाइंड कुख्यात ऑयल माफिया राजू पंडित बताया जा रहा है, जो मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी समेत राज्य के कई इलाकों में सक्रिय है। जांच में सामने आया है कि विदेशी जहाजों से अरब सागर में कम कीमत पर डीजल खरीदकर उसे भारतीय बाजार में ऊंचे दामों पर बेचा जाता था।
बताया जाता है कि राजू पंडित पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं। उसके खिलाफ मकोका के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है और फिलहाल वह जमानत पर बाहर है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पंडित मुंबई के कलाचौकी इलाके का रहने वाला है और पिछले करीब 30 वर्षों से डीजल तस्करी के कारोबार में सक्रिय है।
सूत्रों का कहना है कि पहले अरब सागर में डीजल तस्करी के नेटवर्क में चांद मदार और मोहम्मद अली शेख जैसे नाम सक्रिय थे, लेकिन वर्तमान समय में राजू पंडित को इस अवैध कारोबार का सबसे बड़ा सरगना माना जा रहा है।
Post View : 80513





























