Goregaon CSMT Local Assault – मुंबई की जीवन रेखा कही जाने वाली लोकल ट्रेन में एक बार फिर यात्री सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गोरेगांव से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) जा रही एक हार्बर लोकल ट्रेन में सीट पर सोने को लेकर हुए मामूली विवाद में एक युवक ने महिला यात्री के साथ बदसलूकी की। आरोपी ने महिला को थप्पड़ मारा, अश्लील गालियां दीं और कमर से बेल्ट निकालकर हमला करने की धमकी दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
Goregaon CSMT Local Assault – सीट पर बैठने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
यह पूरी घटना 5 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे जोगेश्वरी स्टेशन के पास की बताई जा रही है। जब पीड़ित महिला ट्रेन की सीट पर लेटी हुई थी, तभी 36 वर्षीय मोहम्मद रिजवान अंसारी डब्बे में सवार हुआ। सीट खाली होने के बावजूद उसने महिला से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी आपा खो बैठा और महिला पर हाथ उठा दिया। उसने अपना बेल्ट निकालकर महिला को डराने-धमकाने का प्रयास किया।
Goregaon CSMT Local Assault – डब्बे में मौजूद यात्रियों की चुप्पी पर उठे सवाल
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सबसे चौंकाने वाली बात यह देखने को मिली कि जिस समय यह घटना हो रही थी, उस समय डब्बे में कई अन्य यात्री भी मौजूद थे। हालांकि, किसी भी सह-यात्री ने आगे आकर महिला की मदद करने या आरोपी को रोकने की कोशिश नहीं की। कई लोग केवल मूकदर्शक बनकर देखते रहे या वीडियो बनाते रहे। इस रवैये ने सार्वजनिक वाहनों में सह-यात्रियों की सामाजिक जिम्मेदारी और महिला यात्रियों की वास्तविक सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
Goregaon CSMT Local Assault – रेलवे पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी को भेजा गया जेल
वीडियो वायरल होने के बाद अंधेरी गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) ने मामले का संज्ञान लिया और वडाला पुलिस की मदद से आरोपी को गोवंडी इलाके से धर दबोचा। पुलिस ने पीड़ित महिला का बयान दर्ज कर आरोपी मोहम्मद रिजवान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 (महिला का अनादर), धारा 296 (अश्लील कृत्य) और धारा 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Post View : 45687






























