
मुंबई: मुंबई के आरसीएफ पुलिस स्टेशन ने फर्नेस ऑयल चोरी के एक मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 लीटर फर्नेस ऑयल, 14 खाली ड्रम और एक वाहन जब्त किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरसीएफ पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 400/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 287, 125 और 3(5) के साथ-साथ अत्यावश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3, 4 और 7 के तहत 20 जून 2026 को सुबह 7 बजकर 35 मिनट पर मामला दर्ज किया गया।
गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने माझगांव डॉक, माहुल रोड स्थित बीपीसीएल कंपनी के पास वाशी नाका इलाके में छापेमारी की। जांच में सामने आया कि आरोपी बीपीसीएल और एचपीसीएल कंपनियों के फर्नेस ऑयल की ढुलाई करने वाले टैंकर चालकों के साथ कथित तौर पर सांठगांठ कर फर्नेस ऑयल की चोरी कर रहे थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सायदा हुसेन खान (42 वर्ष), मो. आतिक इब्राहिम चौधरी (41 वर्ष) और मो. यसूफ अब्दुल वाहब शेख (49 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 लीटर फर्नेस ऑयल, 14 खाली ड्रम तथा एक वाहन जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी चोरी किए गए फर्नेस ऑयल को अवैध रूप से इकट्ठा कर बेचने की फिराक में थे।
आरसीएफ पुलिस इस मामले में टैंकर चालकों और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि फर्नेस ऑयल चोरी से जुड़े इस नेटवर्क के अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Post View : 145311





























