मुंबई में महाराष्ट्र एटीएस (ATS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए माहिम इलाके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसके तार प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने का शक है। आरोपी के मोबाइल से देश विरोधी और भड़काऊ सामग्री बरामद हुई है, साथ ही उसके पाकिस्तानी संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
Mumbai ATS – माहिम से रैपिडो राइडर और परफ्यूम विक्रेता गिरफ्तार
महाराष्ट्र एटीएस की कालाचौकी यूनिट ने माहिम के लक्ष्मी बिल्डिंग इलाके में मेट्रो स्टेशन के पास से 33 वर्षीय मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर को गिरफ्तार किया। आरोपी माहिम में परफ्यूम बेचने और रैपिडो बाइक-टैक्सी चलाने का काम करता था। एटीएस को उसके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और टेलीग्राम ग्रुप्स के जरिए संदिग्ध और कट्टरपंथी गतिविधियों में शामिल होने की खुफिया जानकारी मिली थी।
Mumbai ATS – सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट और मसूद अजहर के ऑडियो क्लिप
जांच के दौरान अधिकारियों को आरोपी के मोबाइल फोन से आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट और जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मौलाना मसूद अजहर के ऑडियो क्लिप मिले। एटीएस के अनुसार, आरोपी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे के दौरान सुरक्षा चूक से जुड़ी एक खबर पर हिंसा भड़काने वाला कमेंट किया था। इसके अलावा, वह इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) पर सशस्त्र जिहाद का समर्थन करने वाली पोस्ट भी शेयर कर रहा था।
Mumbai ATS – बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज, फोरेंसिक जांच जारी
एटीएस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसके जब्त किए गए मोबाइल फोन को फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) में जांच के लिए भेजा गया है। जांच एजेंसियों का कहना है कि सबूतों के आधार पर मामले में यूएपीए (UAPA) के तहत भी धाराएं जोड़ी जा सकती हैं और यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे।
(54700)