बॉम्बे लीक्स, मुंबई
मुंबई पुलिस कंट्रोल को एक अज्ञात शख्स ने कॉल कर इस बात का दावा किया कि दुबई से शुक्रवार (7 अप्रैल) को तीन आतंकी मुंबई आए थे। सूत्रों के मुताबिक फोन करने वाले ने दावा किया कि पाकिस्तान के तीन आतंकवादी शुक्रवार सुबह दुबई के रास्ते मुंबई पहुंचे।अज्ञात कॉलर ने एक आतंकवादी की पहचान मुजीब सैय्यद के रूप में की और पुलिस को उसके मोबाइल नंबर और गाड़ी नंबर के बारे में जानकारी भी दी।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, घटना से जुड़े अधिकारियों को संदेह है कि ये जानकारी फर्जी हो सकती है।पुलिस फोन करने वाले का पता लगा रही है।
मुंबई पुलिस कंट्रोल को इससे पहले पिछले महीने ही 1 मार्च देर रात 11 बजे एक अज्ञात शख्स ने कॉल कर मुंबई के कुर्ला (पश्चिम) में धमाका होने की बात कही थी। फोन करने वाले शख्स ने कहा था कि अगले 10 मिनट में कुर्ला में धमाका होगा और ऐसा कहकर उसने फोन कट कर दिया था।फोन कॉल को तुरंत बाद ही पुलिस ने समय जाया न करते हुए जांच के लिए टीम लगा दी थी। हालांकि, घंटों की जांच के बाद पुलिस को वहां से किसी भी तरह की संदेहास्पद चीज नहीं मिली।मुंबई पुलिस को भले ही इस तरह के कॉल पहले भी आ चुके हों। लेकिन पुलिस एक भी कॉल पर लापरवाही नहीं बरत सकती है। इसलिए इस बार भी पुलिस अधिकारियों से सभी को अलर्ट पर रहने के लिए कहा है और इलाके में छानबीन के भी निर्देश दिए गए हैं।अगर इस सूचना को गलत पाया गया या किसी तरह का मजाक होगा तो कॉल करने वाले के खिलाफ भी एक्शन लिया जाएगा।इससे पहले नागपुर के दो अस्पतालों इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल और मनकापुर के मेंटल हॉस्पिटल को भी पिछले महीने बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।गौरतलब है, मुंबई में पहले भी समुद्र के रास्ते पाकिस्तान से आए आतंकवादियों ने 26 नवंबर, 2008 को हमला कर दिया था। यह हमला 29 नवंबर को रुका। इस दौरान 166 लोगों मारे गए, वहीं 300 लोग घायल हुए थे। इस घटना में भारतीय सुरक्षा बलों ने अहम भूमिका निभाई थी। जवानों ने नौ आतंकवादियों को मार गिराया था। अजमल कसाब इकलौता आतंकवादी था, जिसे जिंदा पकड़ा गया और 21 नवंबर 2012 में फांसी दे दी गई थी।
Post View : 34969