बॉम्बे लीक्स ,मुंबई
मुंबई से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। छह महीने पहले नौकरी खोने और एक आपराधिक मामले में मां को जमानत नहीं मिलने पर युवक ने गूगल पर आत्महत्या के बारे सर्च किया तो मुंबई पुलिस बचाने को पहुंच गई। युवक ने जैसे ही सुसाइड के लिए आसान तरीके की खोज की वैसे इंटरनेट पर नजर रखने वाली संस्था इंटरपोल ने मुंबई पुलिस को अलर्ट कर दिया। क्राइम ब्रांच को जैसे ही यह अलर्ट प्राप्त हुआ वैसे ही मुंबई पुलिस सक्रिय हो गई और दो घंटे के अंदर ही खोज लिया और फिर उसकी काउंसलिंग की।
मुंबई पुलिस के मुताबिक 28 वर्षीय एक व्यक्ति गूगल पर ‘आत्महत्या करने का सबसे अच्छा तरीका’ खोज रहा था जिस पर इंटरपोल के अलर्ट करने के बाद मुंबई पुलिस ने उसका पता लगाया और उसे खुदकुशी करने से रोक लिया। बताया कि राजस्थान के रहने वाले इस व्यक्ति को मंगलवार को मुम्बई उपनगरीय के मलाड मालवणी इलाके से बचाया गया, जब पुलिस ने इंटरपोल द्वारा साझा किए गए उसके मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी लोकेशन का पता लगाया। कहा कि “पीड़ित, मलाड पश्चिम के मालवणी में रहता है और मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है। जांच के दौरान, पुलिस ने पाया कि वह दबाव में था क्योंकि वह दो साल पहले एक आपराधिक मामले में अपनी मां की गिरफ्तारी के बाद से मुंबई की जेल से उसकी रिहाई नहीं करा पा रहा था।” उन्होंने बताया कि वह व्यक्ति पश्चिमी उपनगर मालवणी में रहने से पहले अपने रिश्तेदारों के साथ मीरा रोड इलाके (पड़ोसी ठाणे जिले में) में रहता था। जानकारी में सामने आया है कि वह पिछले छह माह से बेरोजगार है। वह अपनी मां को जेल से नहीं छुड़ा पाने की वजह से अवसाद में था। जैसे ही उसके मन में जीवन समाप्त करने का विचार आया, उसने आत्महत्या करने के तरीके ऑनलाइन तलाशने शुरू कर दिए।” उसने कई बार गूगल पर ‘सुसाइड बेस्ट वे’ सर्च किया, जिस पर इंटरपोल अधिकारियों का ध्यान गया, जिन्होंने उसके मोबाइल फोन नंबर के साथ मुंबई पुलिस को इसके बारे में एक ईमेल भेजा। उन्होंने बताया कि उस जानकारी के आधार पर अपराध शाखा को पता चला कि मोबाइल फोन का उपयोगकर्ता मालवणी में था। उन्होंने कहा, “तदनुसार, पुलिस वहां पहुंची। फिर पीड़ित को हिरासत में ले लिया गया और उसकी काउंसलिंग की गई।” पुलिस अधिकारी ने कहा, पेशेवर परामर्शदाताओं द्वारा सलाह दिए जाने के बाद उसे शहर में अपने रिश्तेदारों के यहां जाने के लिए कहा गया है।
Post View : 62548